चुनाव विभाग की ओर से चलाए गए मतदाता सूची में संशोधन अभियान के तहत अब लोग 30 नवंबर तक मतदाता सूची में अपना नाम शामिल करा सकते हैं या नाम कटवा सकते हैं।
साथ ही गलती को भी ठीक करा सकते हैं। चंडीगढ़ प्रशासन के चुनाव विभाग ने मतदाता सूची में संशोधन की अंतिम तिथि को 31 अक्तूबर से बढ़ाकर 30 नवंबर कर दिया है।
एक अक्तूबर से शुरू हुए इस विशेष अभियान में एक माह में 50 हजार के करीब नए मतदाताओं ने मतदाता सूची में अपने नाम शामिल कराए थे।
लोग अब 30 नवंबर तक फार्म लेकर अपने क्षेत्र के संबंधित असिस्टेंट इलेक्टोरल रजिस्ट्रेशन ऑफिसर के पास जा सकते हैं। 1 जनवरी 2014 को 18 साल पूरा कर रहे युवा मतदाता सूची में नाम शामिल करा सकते हैं।
नए मतदाताओं के नाम 5 जनवरी, 2014 को प्रकाशित होने वाली मतदाता सूची में शामिल होंगे। प्रशासन के अधिकारियों का कहना है कि इस अभियान के माध्यम से उनका लक्ष्य है कि चंडीगढ़ में जनसंख्या और मतदाताओं का अनुपात 60 तक पहुंच जाए।
उन्हें उम्मीद है कि जिस तरह से बड़ी संख्या में 31 अक्तूबर तक नए मतदाता बने हैं अब 30 नवंबर तक और नए मतदाता बन जाएंगे और उनका यह लक्ष्य हासिल हो जाएगा। अभी यह अनुपात 50 है।