पीएम नरेंद्र मोदी चंडीगढ़ पर मेहरबान हैं, तभी तो राष्ट्रीय पोषण माह के तहत शहर को नई दिल्ली में 8 अवार्ड मिले हैं। इनमें दो अवार्ड राज्य स्तरीय हैं, जबकि छह अवार्ड अपने-अपने क्षेत्रों में बेहतरीन काम करने वालों को मिले हैं। अवार्ड पाने के बाद सोशल वेलफेयर डिपार्टमेंट की डायरेक्टर नवजोत कौर काफी उत्साहित दिखीं। उन्होंने कहा कि यह शहर के लिए गौरव की बात है। नई दिल्ली में अवार्ड पाने के बाद नवजोत कौर ने बताया कि पोषण माह को सफल बनाने के लिए यूटी प्रशासन ने पूरा सहयोग दिया है। उसी का नतीजा है कि हमें दो स्टेट सहित 8 अवार्ड मिले हैं। पोषण अभियान को सफल बनाने में सभी ने एक कड़ी के रूप में काम किया है। यह सब मेहनत और लगन का परिणाम है।
सिटी में विशेष थीम पर हुआ काम
पोषण माह के तहत स्कूल से लेकर कॉलेजों तक में विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया गया। इसके अलावा आंगनबाड़ी सहायक और हेल्परों की ओर से घरों में जाकर लोगों को जागरूक किया गया। इसमें बच्चे के जन्म से पूर्व देखभाल, एनीमिया, बच्चे में वृद्धि की निगरानी, बच्चियों की शिक्षा, भोजन, विवाह के समय सही आयु, साफ-सफाई, स्वच्छता और खानपान की आदतों को थीम के तौर पर लिया गया था।
इसलिए मिला स्टेट अवार्ड
नवजोत कौर ने बताया कि बेहतर सोशल मीडिया कैंपेन और सभी विषय पर अधिक प्रचार व प्रसार के लिए चंडीगढ़ को दो स्टेट अवार्ड से सम्मानित किया गया है। यह पल यादगार बन गया है। अवार्ड मिलने के बाद हम और बेहतर काम करने के लिए नई ऊर्जा के साथ आगे आएंगे।
बेहतर काम करने पर इन्हें मिला अवार्ड
नाम पोस्ट
सीमा टंडन आशा वर्कर
तारा देवी आंगनबाड़ी वर्कर
कुलदीप कौर एएनएम
डॉ. जागृति बहुगुणा मेडिकल ऑफिसर
सिदेश डोगरा एलएस
सर्वजीत कौर एएनएम