चंडीगढ़ में धुंध में गुजरते वाहन।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
घनी धुंध व लगातार बढ़ रही ठंड से सोमवार को जनजीवन अस्त-व्यस्त रहा। चंडीगढ़ के कई इलाकों में दोपहर 12 बजे तक घनी धुंध छाई रही। सुबह 6:30 बजे कुछ इलाकों में विजिबिलिटी जीरो रही। इससे पारा सात डिग्री तक नीचे गिर गया। दिनभर लोग ठंड से कांपते नजर आए। घनी धुंध की वजह से सड़कों पर यातायात प्रभावित रहा। वाहन चालक पीली लाइटों के सहारे चलते देखे गए।
सुखना लेक पर सैर करने वालों की संख्या भी आम दिनों के मुकाबले काफी कम रही। सोमवार को शहर का अधिकतम तापमान 14.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से सात डिग्री कम रहा। न्यूनतम तापमान 6.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। सुबह से ही विजिबिलिटी शून्य से 10 मीटर तक रही। इसके बाद धीरे-धीरे विजिबिलिटी बढ़ी। सुबह सड़कें सुनसान रहीं। बाजारों में रौनक नहीं दिखी। मौसम विभाग के अनुसार आगामी दिनों में धुंध का कहर जारी रहेगा। विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है, ताकि बहुत जरूरी होने पर लोग सुबह-शाम को बाहर निकलें। विभाग ने अगले पांच दिन लोगों को सावधानी बरतने को कहा है।
सर्दी के कारण स्कूलों की छुट्टियां आठ जनवरी तक बढ़ाई
चंडीगढ़ के सरकारी और निजी स्कूलों में शिक्षा विभाग की ओर से सर्दियों की छुट्टियों को आठ जनवरी तक बढ़ा दिया गया है। इसको लेकर शिक्षा विभाग की ओर से सोमवार को नोटिस जारी किया गया। शिक्षा विभाग की ओर से स्कूलों में 25 दिसंबर से दो जनवरी तक शीत अवकाश किया गया था। विभाग ने पत्र में लिखा है कि अधिक धुंध और सर्दी के कारण बच्चों की सेहत खराब न हो, इसलिए छुट्टियों में इजाफा किया गया है।
मंगलवार: सुबह और शाम धुंध रहेगी। दिन के समय मौसम साफ रहेगा और धूप निकलेगी। अधिकतम तापमान 15 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
बुधवार: सुबह और शाम घनी धुंध रहेगी। दिन के समय मौसम साफ रहेगा। धूप निकलेगी। अधिकतम तापमान 16 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।
गुरुवार: सुबह और शाम धुंध रहेगी। दिन में रुक-रुक कर बादल छा सकते हैं। अधिकतम तापमान 17 और न्यूनतम तापमान 6 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है।