किसानों के समर्थन में नगर निगम के पूर्व मेयर गुरचरण दास काला ने हाउसिंग बोर्ड चौराहे पर बैठकर सरकार के खिलाफ धरना दिया। इस दौरान उनके साथ कांग्रेसी नेता संजय भजनी, सुरजीत सिंह ढिल्लों, अशोक कुमार बस स्टैंड के सामने लगने वाली रेहड़ी फड़ी मार्केट के प्रधान देवेंद्र भोला व अन्य कई नेता रहे। पूर्व मेयर गुरचरण दास काला का कहना है कि सरकार जल्द से जल्द किसानों के पक्ष में आकर उनकी बात सुने।
किसानों के समर्थन में सेक्टर-26 मंडी के आढ़तियों ने निकाली रैली
भारत बंद के समर्थन में मंगलवार को सेक्टर-26 मंडी के सब्जी आढ़तियों ने रैली निकालकर विरोध जताया। इस दौरान किसानों के समर्थन में आढ़ती बैनर व पोस्टर लेकर 26 ग्रेन मार्केट चौक से इंडस्ट्रियल एरिया लाइट प्वाइंट तक पहुंचे, जहां कृषि कानून से होने वाले नुकसान के बारे में चर्चा की।
अरिहंत वेजिटेबल मार्केट एसोसिएशन के महासचिव कस्तूरी लाल शर्मा ने बताया कि आढ़ती पूरा कर (टैक्स) भरते हैं। हजारों लोगों को रोजगार उपलब्ध कराते हैं, इसके बावजूद सरकार मोहरा बनाकर कृषि कानून पास कर रही है। यह बिल्कुल गलत है।
किसानों के समर्थन में भारत बंद के आह्वान पर मनीमाजरा के लोगों ने गलियों में रैलियां निकालीं। इसके बाद हाउसिंग बोर्ड चौराहे पर आकर प्रदर्शन भी किया। गुरुद्वारा डेरा साहिब से जाट सभा के प्रधान कर्म सिंह और सतवंत सिंह की अगुवाई में एक रैली निकाली गई जो बाजारों से होती हुई आकर हाउसिंग बोर्ड चौराहे पर आकर संपन्न हुई। इस रैली में बहुत सारी महिलाएं और युवा वर्ग ने बढ़चढ़कर भाग लिया था।
मोहाली में भारत बंद को मिला समर्थन
भारत बंद की कॉल को मोहाली जिले में पूरा समर्थन मिला। इस दौरान हर वर्ग किसानों के साथ खड़ा दिखाई दिया और जहां जिले भर में बाजार बंद रहे, वहीं, उद्योगपतियों ने भी किसानों का समर्थन किया। जिले के वकील और राज नेता भी किसानों के धरने में शामिल हुए और केंद्र सरकार पर जमकर जुबानी हमला बोला। मोहाली से गुजरने वाले चंडीगढ़-खरड़ और बनूड़-खरड़ हाईवे पर यातायात दोपहर तीन बजे तक बाधित रहा। इस दौरान जिला प्रशासन पूरी तरह से सक्रिय रहा और किसी भी तरह की कोई अप्रिय घटना सामने नहीं आई।
सुबह से ही स्थानीय बाजारों में दुकानें और नामी फूड चेन बंद रही। जिले के पेट्रोल पंप भी बंद रखे गए। सभी लोग पार्टीबाजी से ऊपर उठाकर किसानों के साथ जुटे। मोहाली व्यापार मंडल के प्रधान विनीत वर्मा और सीनियर सरबजीत सिंह पारस ने कहा कि सभी दुकानदारों ने किसानों का साथ दिया है।
इस दौरान एयरपोर्ट रोड बंद करने के साथ ही गांवों से निकलने वाले रास्ते भी बंद किए गए और मुख्य प्रदर्शन खरड़ में किया गया। यहां पर सुबह 11 बजे से तीन बजे तक हाईवे पूरी तरह जाम रहा। इस तरह लांडरां में किसान जुटे और यहां पर कांग्रेस के सीनियर नेता सुनील जाखड़ धरने में शामिल हुए। उन्होंने केंद्र सरकार पर हमला बोला। जबकि खरड़ में पूर्व सांसद एवं अकाली नेता प्रेम सिंह चंदूमाजरा किसानों के पक्ष में उतरे थे।
पंचकूला में नहीं चलीं बसें, खुला रहा बाजार, ग्रामीण क्षेत्रों में हुआ प्रदर्शन
भारत बंद का पंचकूला में मिलाजुला असर रहा। बंद के मद्देनजर जहां पंचकूला बस स्टैंड से बसों का संचालन बंद रहा। वहीं, बाजार खुला रहा। विपक्षी दलों कांग्रेस, इनेलो, कर्मचारी संगठनों, वकीलों ने किसानों के भारत बंद का समर्थन किया। पंचकूला बार एसोसिएशन ने जिला अदालत में किसानों के पक्ष में वर्क सस्पेंड रखा।
उन्होंने कहा कि सरकार को किसानों के पक्ष में बातचीत कर कानून वापस लेना चाहिए। वहीं शहर में कर्मचारी संगठनों ने सरकार के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया। कालका, पिंजौर, मोरनी और रायपुररानी में सभी जगहों पर प्रदर्शन किया। विपक्षी दलों और लोगों ने प्रदर्शन कर सरकार से मांग की है कि किसानों की अनदेखी न करें। बंद के मद्देनजर पुलिस द्वारा सभी जगह गश्त कर कड़ी नजर रखी गई।