फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

भारत बंद : किसानों के समर्थन में आया पंजाब, दुकानें बंद, हाईवे जाम

Tue, 08 Dec 2020 11:01 AM IST
निवेदिता वर्मा अमर उजाला नेटवर्क, पंजाब
विज्ञापन
भारत बंद के दौरान बठिंडा में बंद पड़ी दुुुकानें। - फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
विज्ञापन

कृषि कानूनों का विरोध कर रहे किसानों के समर्थन में मंगलवार को पंजाब पूरी तरह से बंद रहा है। पंजाब के व्यापारियों और नागरिकों ने बंद में बढ़ चढ़ कर भाग लिया। अमृतसर सहित पूरे पंजाब में हाईवे जाम रहे। जगह-जगह प्रदर्शन हुए और पुतले जलाए गए। बस अड्डों पर सन्नाटा रहा। पेट्रोल पंप पूरी तरह बंद रहे। लोगों को गैस सिलिंडर डिलीवर नहीं हो सके। भवानीगढ़ में धरने पर बैठी महिला की दिल का दौरा पड़ने की वजह से मौत हो गई।

विज्ञापन


एसजीपीसी के सभी दफ्तर बंद रहे। सचखंड श्री हरमंदिर साहिब का सूचना केंद्र कार्यालय भी बंद रहा। गुरु नगरी के बड़े व्यापारिक प्रतिष्ठान के शटर नहीं खुले। कई संगठनों ने अमृतसर-जालंधर रोड पर स्थित गोल्डन गेट पर महिलाओं, बच्चों व युवाओं के साथ किसानों के समर्थन में धरना लगाया। 

वहीं जंडियाला गुरु-तरनतारन बाईपास के नजदीक धरना लगाकर अमृतसर-बठिंडा मार्ग को रोक दिया। अलगाववादी संगठन दल खालसा ने भी बंद में भाग लिया। सीमावर्ती कस्बा अजनाला, लोपोके, चुगावां, अटारी, ब्यास, रैया सहित कई इलाकों में बंद सफल रहा। पटियाला में भारत बंद के कारण पीआरटीसी की सभी 1120 बसों का चक्का जाम रहा। इस कारण कॉरपोरेशन को एक करोड़ का नुकसान हुआ। 
विज्ञापन



 

Trending Videos

वहीं किसानों के समर्थन में पंजाबी यूनिवर्सिटी के विभिन्न छात्र संगठनों समेत कई यूनियनों और संगठनों ने बंद में भाग लिया। बठिंडा में छोटे बच्चे समेत बुजुर्ग लोगों ने हाईवे और रेल ट्रैक बंद कर नारेबाजी की। पूर्व सब इंस्पेक्टर सुखजिंदर सिंह ने मंगलवार को अपना राष्ट्रपति पुरस्कार वापस करने का एलान करते हुए राष्ट्रपति को पत्र लिखा। 

अबोहर, संगरूर, पठानकोट और कूपरथला में सुबह 11 से दोपहर 3 बजे तक बाजार पूरी तरह से सुनसान रहे। सभी सड़कों पर चक्का जाम से वाहनों की लंबी लाइनें लगी रहीं। लोगों ने शांतिपूर्ण प्रदर्शन किया। फिरोजपुर में किसान संगठनों के सदस्य शहर में स्थित शहीद ऊधम सिंह चौक पर एकत्रित हुए और ट्रैक्टरों पर सवार होकर शहर में रैली निकाली। 

जालंधर में इंडियन मेडिकल एसोसिएशन व इंडियन डेंटल एसोसिएशन ने कृषि कानूनों के विरोध में प्रदर्शन किया। विरोध कर रहे डॉक्टरों ने दोपहर 12 बजे से लेकर दो बजे तक ओपीडी भी बंद रखी। वहीं सिख तालमेल कमेटी, सिंह सभाओं और कुछ व्यापारिक संगठनों ने मंगलवार को राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के गोपाल नगर स्थित मुख्यालय पीली कोठी के घेराव की कोशिश की। 
विज्ञापन

लुधियाना में सभी पेट्रोल पंप बंद रहे, शराब ठेके भी नहीं खुले। फिरोजपुर रोड, चंडीगढ़ रोड, दिल्ली रोड, जालंधर रोड व गिल रोड को पूरा तरह से बंद कर दिया गया था। यहां से सिर्फ एंबुलेंस और शादी में शामिल होने वाली गाड़ियों को निकाला गया। मुक्तसर में व्यापारियों, आढ़तियों, दुकानदारों, मजदूरों, मुलाजिमों समेत अन्य वर्गों की ओर से बंद को भरपूर समर्थन मिला। 

गुरदासपुर में किसानों ने अलग-अलग स्थानों पर हाईवे जाम कर पुतले फूंके। बटाला में सभी दुकानदार स्वेच्छा से शामिल हुए। प्रदर्शन में महिलाओं के साथ बच्चे भी हाथों में तख्तियां लेकर पहुंचे। राजपुरा में भारतीय किसान यूनियन की जत्थेबंदियों ने शंभू बॉर्डर, टोल प्लाजा व राजपुरा-सरहिंद बाईपास पर प्रदर्शन कर वाहनों की आवाजाही दोपहर तीन बजे तक बंद रखी। रोपड़ में किसान संगठनों ने चंडीगढ़-मनाली राष्ट्रीय मार्ग पर चक्का जाम रखा। 

धरने के दौरान महिला की मौत
भवानीगढ़ में कालाझाड़ टोल प्लाजा पर चल रहे किसानों के धरने के दौरान एक महिला किसान की दिल का दौरा पड़ने से मौत हो गई। गांव घराचों की रहने वाली 65 वर्षीय गुरमेल की धरने में डटी हुई थीं। किसान नेताओं ने पीड़ित परिवार को 10 लाख रुपये मुआवजा और परिवार के एक सदस्य को नौकरी देने की मांग की है। 
और पढ़ें...
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें