सेक्टर-16 लाइट प्वाइंट पर हुआ हादसा।
- फोटो : संवाद
सिटी ब्यूटीफुल चंडीगढ़ को सख्त ट्रैफिक नियमों के लिए जाना जाता है। शहर के लोग ही नहीं बल्कि दूसरे शहर व राज्यों से आने वाले वाहन चालक भी चंडीगढ़ में एंटर होते ही यातायात नियमों का सख्ती से पालन करते हैं। लेकिन सवाल यह है कि क्या नियम और कायदे सिर्फ और सिर्फ आम लोगों के लिए ही हैं। ऐसा इसलिए क्योंकि दूसरों के ट्रैफिक नियमों का पाठ पढ़ाने वाली चंडीगढ़ पुलिस ही नियमों की अवहेलना करती है।
वीरवार को सेक्टर-9 मटका चौक से सेक्टर-17 बस स्टैंड की ओर जाने वाली सड़क पर सेक्टर-16 लाइट पॉइंट पर वीरवार दोपहर को हादसा हो गया। लालबत्ती क्रास कर तेज रफ्तार में जा रही पुलिस की 112 सफारी गाड़ी ने सेक्टर-16 की ओर से ग्रीन लाइट में आ रही एसयूवी 700 गाड़ी को टक्कर मार दी। इसमें दोनों गाड़ियों का अगला हिस्सा क्षतिग्रस्त हो गया। पुलिस ने दोनों गाड़ियों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है।
हेल्पलाइन नंबर-112 पर पुलिस को फोन के जरिए शिकायत मिली थी। इसके बाद कंट्रोल रूम से थानाक्षेत्र में तैनात 112 हेल्पलाइन गाड़ी को मौके पर जाने के लिए कहा गया। पुलिस के जवान तेज रफ्तार में हूटर बजाते हुए सेक्टर-17 से मटका चौक की ओर जा रहे थे। गाड़ी चालक ने हूटर बजाकर जाते हुए सेक्टर-16 की ओर से ग्रीन लाइट पार कर रही एसयूवी को जोरदार टक्कर मारी। इस टक्कर में एक्सयूवी की चालक साइड का हिस्सा पूरी तरह से क्षतिग्रस्त हो गया और पुलिस सफारी का परिचालक साइड का हिस्सा क्षतिग्रस्त हुआ।
सूचना पाते ही सेक्टर-17 थाना प्रभारी सरिता रॉय सहित पुलिस की अन्य टीमें भी घटनास्थल पर पहुंच गईं। एसयूवी गाड़ी चालक की पहचान जगजीत सिंह निवासी सेक्टर-15 के रूप में हुई है जो कि अपने भाई व पत्नी के साथ सेक्टर-16 की ओर से आ रहे थे।
एसयूवी चालक ने मौके पर पहुंची एसएचओ को बताया कि जब वह सड़क पार कर रहे थे तो ग्रीन लाइट थी और पुलिस की गाड़ी ने लालबत्ती जंप की है, जबकि पुलिस पीसीआर गाड़ी के चालक ने पूछताछ में बताया कि वह इमरजेंसी में हूटर बजाते हुए जा रहे थे और लालबत्ती के पास उनकी गाड़ी के आगे बस आ गई थी जिसके चलते यह हादसा हुआ है। हालांकि, बाद में पुलिस दोनों क्षतिग्रस्त वाहनों को थाने ले गई और जांच शुरू कर दी है।