चंडीगढ़ के सारंगपुर स्थित बोटेनिकल गार्डन के सामने मंगलवार दोपहर कार की टक्कर से हुई दसवीं की छात्रा की मौत के मामले में पुलिस ने आरोपी चालक सुरभि (21) को गिरफ्तार कर लिया। हालांकि उसे थाने से ही जमानत दे दी गई। आरोपी युवती न्यू चंडीगढ़ स्थित ओमेक्स सिटी में रहती है और एमए सेकेंड ईयर की छात्रा है।
नयागांव निवासी दसवीं की छात्रा लावन्या मंगलवार दोपहर को अपनी सहेली की बर्थडे पार्टी मनाने के लिए बोटेनिकल गार्डन जा रही थी। जब वह गार्डन के पास सड़क पार कर रही थी तो एक कार ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर लगने से उसका सिर कार के अगले शीशे पर टकराया। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि लावन्या के बाल गाड़ी के शीशे पर चिपक गए थे। टक्कर लगने के बाद आसपास के लोग इक्ट्ठे हो गए। उसके बाद महिला कार से घायल लावन्या को पीजीआई ट्रॉमा सेंटर छोड़कर शौचालय के बहाने फरार हो गई, जहां इलाज के दौरान लावन्या की मौत हो गई।