पीजीआई और टाटा मेमोरियल सेंटर की ओर से जारी रिपोर्ट कहती है कि चंडीगढ़ में कैंसर की दर राष्ट्रीय स्तर के मुकाबले काफी अधिक है। खासतौर पर महिलाओं में। महिलाओं में ब्रेस्ट कैंसर सबसे तेजी से बढ़ रहा है, जो चिंताजनक है। चंडीगढ़ में प्रति एक लाख महिलाओं में कैंसर का अनुपात 105.0 प्रतिशत है, जबकि राष्ट्रीय औसत 97.4 है।
इसी तरह से पुरुषों में भी कैंसर की दर राष्ट्रीय औसत से ज्यादा रिकॉर्ड की गई है। चंडीगढ़ में 6 लाख 6811 पुरुषों पर सर्वे किया गया। इनमें कुल 406 कैंसर के मरीज थे, जबकि 5 लाख 616 महिलाओं पर सर्वे किया। इनमें कैंसर के कुल 427 मरीज मिले।
सेक्टर और इलाके वाइज कैंसर रोगियों की संख्या और उनसे होने वाली मौतों के आंकड़े देखें तो चंडीगढ़ के सेक्टर 38 वेस्ट और मनीमाजरा में कैंसर पीड़ितों की संख्या काफी ज्यादा है। इन इलाकों में मौतें भी ज्यादा हुई हैं।
रिपोर्ट के मुताबिक सेक्टर 38 वेस्ट में कैंसर के कुल 46 केस रजिस्टर्ड किए गए। जिनमें से 22 की मौत हुई। इसी तरह मनीमाजरा में कैंसर के 46 केस दर्ज किए गए। जिनमें से 18 मरीजों ने दम तोड़ा है। मौलीजागरां और धनास में क्रमश: 23 व 26 मरीजों ने कैंसर के लिए पंजीकरण कराया।