को-आर्डिनेशन कमेटी ऑफ गवर्नमेंट एंड एमसी इंपलाइज एंड वर्कर्स ने कर्मचारी विरोधी रवैये के कारण सोमवार को प्रशासन का पुतला फूंका।हार्टिकल्चर स्टोर में हार्टिकल्चर इंपलाइज यूनियन ने सेक्टर- 10 स्थित लेजर वैली में यह विरोध प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने कहा कि मांगे पूरी नहीं होने पर 10 दिसंबर को राजभवन कूच करेंगे। रोष प्रदर्शन के दौरान कर्मचारियो ने प्रशासन और केंद्र सरकार के खिलाफ नारेबाजी की।
को-आर्डिनेशन कमेटी के चेयरमैन अनिल कुमार, प्रधान सतिंदर सिह और महासचिव राकेश कुमार ने कहा कि प्रशासन के अधिकारी सुनवाई नहीं कर रहे हैं। अब केवल प्रशासक से ही आस है। कर्मचारियों की मांगों को पूरा किया जाए। कर्मचारी अपनी मांगों को पूरा करने की लंबे समय से प्रशासन से गुहार लगा रहे हैं लेकिन प्रशासन के साथ हुई बैठक में अधिकारी जरूरी मांगों पर फैसला लेने में आनाकानी कर रहे हैं। जेम पोर्टल के ठेकेदार कर्मचारियों के साथ जबरदस्ती कर रहे हैं। श्रम कानून का पालन नहीं किया जा रहा है।
आउटसोर्स कर्मचारियों को साल में 15 छुटि्टयां नहीं दी जा रही है। डेलीवेज, वर्कचार्ज और आउटसोर्स कर्मचारियों को पक्का करने की पॉलिसी बनाई जाए। जो ठेकेदार कर्मचारियों के वेतन में गैर-कानूनी कटौती कर रहे हैं, उन ठेकेदारों के खिलाफ विजिलेंस जांच की जाए। मृतक कर्मचारियों के आश्रितों को पंजाब की तर्ज पर नौकरी दी जाए।
सरकारी विभागों का निजीकरण बंद किया जाए। खाली पड़े पदों पर नियमित भर्ती की जाए। समान काम-समान वेतन फार्मूला लागू किया जाए। डीसी रेट में बढ़ोतरी की जाए। कर्मचारियों के लिए कैशलेस मेडिकल स्कीम लागू की जाए। प्रदर्शन को हार्टिकल्चर इंपलाइज यूनियन के प्रधान अनिल कुमार के अलावा अन्य यूनियनों के नेताओं में रघवीर सिंह, करमजीत सिंह, दविंदर सिंह, गुरमेल सिंह दारा, किशोरी लाल सहित अन्य नेताओं ने संबोधित किया।