निगम के कर्मचारी सेक्टर एक से 30 तक सड़क, फुटपाथ और सर्विस लेन को साफ करते हैं। नियमानुसार 250 से 750 मीटर के तक एक सफाईकर्मी होना चाहिए, लेकिन कर्मचारियों की असमानता का स्तर यह है कि सेक्टर 22 के 55.7 किमी क्षेत्र के लिए 126 सफाईकर्मी रखे गए हैं, वहीं पिपलीवाला टाउन, दर्शनीबाग, सुभाष नगर, इंदिरा कॉलोनी, पॉकेट नंबर 8 व मोटर मार्केट के 58 किमी के एरिया के लिए एमओएच ने केवल 44 कर्मचारी लगाए हैं। इंडस्ट्रियल एरिया फेज एक के 50 किमी के लिए 87 कर्मचारी और पुराना मनीमाजरा, गोविंदपुरा, माड़ीवाला टाउन, शांति नगर, ठाकुरवाड़ा, पॉकेट नंबर एक के 50.6 किमी एरिया के लिए 82 कर्मचारी तैनात किए गए हैं। इसके अलावा सेक्टर 8 के 40 किमी पर 39 कर्मचारी, सेक्टर 18 के 38 किमी पर 51 कर्मचारी, सेक्टर 28 के 42 किमी क्षेत्र में 48 कर्मचारी तैनात हैं।
एमओएच का काम एक नजर में
- कुल रोड 781.3 किमी
- कुल फुटपाथ199.8 किमी
- कुल सर्विस लेन 132.5 किमी
- कुल कर्मचारी 2567
बीएंडआर विभाग का भी यही हाल
बीएंडआर विभाग में वार्ड एक के 291.2 किमी क्षेत्र के लिए 50 कर्मचारी तैनात हैं। वहीं, वार्ड 17 के 124.32 किमी एरिया के लिए 56 कर्मचारी तैनात हैं। इसी तरह वार्ड 3 के 267.71 किमी एरिया के लिए विभाग ने 72 कर्मचारी तैनात किए हैं। वार्ड 20 व 24 के 86.88 किमी एरिया के लिए विभाग ने 56 और वार्ड 21 व 22 के 289 किमी एरिया के लिए मात्र 56 कर्मचारी तैनात किए गए हैं।
एमओएच व बीएंडआर विभाग से पूछा गया है कि कर्मचारियों की तैनाती में इतनी असमानता क्यों है। दक्षिण के सेक्टरों में सहज सफाई केंद्रों में अब भी कचरा आता है, इसलिए वहां कुछ कर्मचारी रहना जरूरी है, लेकिन अब काम के अनुसार ही कर्मचारी तैनात होंगे। इसके लिए विभाग के प्रभारियों को कहा गया है। -केके यादव, निगम आयुक्त