नगर निगम चुनाव से एक दिन पहले शनिवार को उम्मीदवारों ने अपनी पूरी ताकत झोंक दी। अधिकतर उम्मीदवारों ने समर्थकों के साथ पदयात्राएं निकालीं। पदयात्रा के बाद पोलिंग बूथ में बैठने के लिए कार्यकर्ता तय किए। पूर्व रेल मंत्री पवन बंसल ने वार्ड नंबर-26 के मतदाता चितरंजन चंचल के साथ पदयात्रा की, जबकि भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन वार्ड नंबर-25 के पार्टी उम्मीदवार जगतार जग्गा के साथ पदयात्रा की।
जबकि वार्ड नंबर-11 के कांग्रेस उम्मीदवार सतीश कैंथ, वार्ड नंबर-21 के भाजपा उम्मीदवार गुरप्रीत ढिल्लों ने पदयात्रा करके वोट मांगे। वार्ड नंबर-22 के कांग्रेस उम्मीदवार संदीप भारद्वाज ने कार रैली निकाली। वहीं कालोनियों की सीटों पर पुलिस की ज्यादा फोर्स तैनात की गई है क्योंकि पुलिस के पास सूचना है कि मतदान के दिन यहां पर हंगामा हो सकता है।
माही गिल ने लक्की के लिए मांगा वोट
अभिनेत्री माही गिल ने फेसबुक पर अपना वीडियो जारी कर वार्ड नंबर-1 से कांग्रेस उम्मीदवार एचएस लक्की के लिए वोट मांगा है। माही गिल ने कहा कि लक्की उनके दोस्त हैं और वह काम करने वाले नेता हैं। मालूम हो कि माही गिल को लक्की के लिए प्रचार करन ेआना था लेकिन जब वह नहीं आ पाईं तो उन्होंने फेसबुक पर लक्की के समर्थन में वीडियो जारी किया।
मतदाताओं में शराब बांटने की चर्चा
चुनाव आयोग के निर्देश पर प्रशासन ने शराब के ठेकों और होटल बार को बंद करवाया हुआ है। सूत्रों का कहना है कि इसके बावजूद शहर में उम्मीदवारों के समर्थकों की ओर से शराब बांटी गई है। कहा जा रहा है कि शुक्रवार और शनिवार रात को बड़ी मात्रा में शराब बांटी गई। रविवार को मतदान के बाद शाम पांच बजे शराब के ठेके खोले जाएंगे।