जीतने वाले महिला पार्षदों में से होगी मेयर पद की दावेदार
- फोटो : File Photo
नगर निगम चुनाव में हर किसी की नजर महिला उम्मीदवारों पर हैं, क्योंकि चुनाव जीतने के बाद कोई महिला पार्षद ही मेयर की कुर्सी पर विराजमान होगी। ऐसे में चुनाव लड़ने वालीं अधिकतर सीनियर महिला नेता अभी से मेयर पद के लिए दावेदार बन गई हैं। महिलाओं के लिए आरक्षित वार्ड में उनके समर्थक मतदाताओं को इस बात को लेकर भी लुभा रहे हैं कि उनके एरिया की पार्षद मेयर भी बन सकती है।
मालूम हो कि 5 साल के कार्यकाल में पहला और चौथा साल महिला के लिए रिजर्व है, जबकि एससी के लिए तीसरा, जनरल के लिए दूसरा और पांचवां साल मेयर पद के लिए रिजर्व है। प्रशासन की ओर से हर कैटेगरी के लिए मेयर की कुर्सी हरसाल तय की गई है। मेयर का चुनाव एक साल के लिए होता है, जबकि राजनीतिक दल समय-समय पर मेयर का कार्यकाल ढाई साल करने की मांग करते हैं।
पहले साल मेयर पद के लिए दावेदार
इस समय कांग्रेस और भाजपा में 20 महिला उम्मीदवार चुनाव लड़ रहीं हैं, जिनमे से 5 एससी हैं। बसपा से भी दो एससी महिलाएं चुनाव लड़ रही हैं। इस बार तीन पूर्व महिला मेयर भी चुनाव मैदान में हैं। इनमें राज बाला मलिक, पूनम शर्मा और कमलेश शामिल हैं। इन तीनों के अलावा आशा जसवाल, हीरा नेगी, गुरबख्श रावत और सुनीता धवन भी मेयर पद की दावेदार बन सकती हैं। आशा जसवाल और हीरा नेगी को भाजपा ने इस कार्यकाल में मेयर पद का उम्मीदवार बनाया था, लेकिन वह कांग्रेस से हार गईं थीं।
कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा ने इस बार अपनी पत्नी रीतू छाबड़ा को भी वार्ड नंबर-3 से चुनाव मैदान में उतारा है। ऐसे में उन्हें भी चुनाव जीतने पर मेयर का दावेदार माना जा रहा है। उधर, मेयर रह चुकीं राज बाला मलिक का कहना है कि उनका पहला टारगेट वार्ड चुनाव जीतना है। मेयर पद का उम्मीदवार कौन होगा इसका फैसला पार्टी तय करेगी।
ये महिला उम्मीदवार मैदान में
Municipal Corporation office Chandigarh
- फोटो : File Photo
और कौन महिला उम्मीदवार मैदान में
वार्ड-5 से कांग्रेस की शीला फूल, भाजपा-अकाली गठबंधन की मीना, वार्ड-6 से कांग्रेस की ममता रानी, भाजपा की फर्मिला देवी, वार्ड-9 से अकाली-भाजपा उम्मीदवार इंद्रजीत कौर और कांग्रेसी गुरबख्श रावत, वार्ड-12 से कांग्रेस की जसप्रीत कौर टिवाना, भाजपा की चंद्रावती शुक्ला, वार्ड-13 से कांग्रेस की मीनाक्षी चौधरी और भाजपा की हीरा नेगी, वार्ड-15 से भाजपा अकाली गठबंधन की बलविंदर कौर, कांग्रेस की रविंदर कौर गुजराल, वार्ड-17 से कांग्रेस की पूनम मोदगिल और भाजपा की आशा जसवाल, वार्ड-2 से कांग्रेस की दीपा असधीर दूबे और भाजपा से राजबाला मलिक और वार्ड-4 से कांग्रेेस की पूनम शर्मा और भाजपा की सुनीता धवन चुनाव लड़ रही हैं।
कांग्रेस ने दो अतिरिक्त महिलाओं को उतारा
महिलाओं के लिए 9 वार्ड रिजर्व हैं, लेकिन कांग्रेस ने भाजपा के मुकाबले में दो अतिरिक्त महिला उम्मीदवारों को टिकट दिया है, जिनमें कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप छाबड़ा की पत्नी रितु छाबड़ा और पूर्व मेयर कमलेश का नाम शामिल है। इन दोनों सीटों पर भाजपा ने पुरुष उम्मीदवार मैदान में उतारा है।
किस-किस के लिए आरक्षित रही मेयर की कुर्सी
साल वर्ग मेयर
2012 महिला राज बाला मलिक
2013 जनरल सुभाष चावला
2014 एससी हरफूल चंद कल्याण
2015 महिला पूनम शर्मा
2016 जनरल अरुण सूद