चंडीगढ़। सेक्टर-25 स्थित कचरा निस्तारण प्लांट में आग लगने के 21 दिन बाद भी नगर निगम कारणों का पता नहीं लगा सका है। चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (सीपीसीबी) ने निगम को पत्र लिखकर इस मामले में जवाब मांगा था, लेकिन निगम के अधिकारियों का कहना है कि उन्हें पत्र मिला ही नहीं। इसके बाद सीपीसीबी ने फोन कर जवाब देने को कहा, लेकिन निगम ने अब तक अपना जवाब नहीं भेजा है।
बीते 31 मार्च को सेक्टर-25 स्थित कचरा निस्तारण प्लांट और डड्डूमाजरा स्थित डंपिंग ग्राउंड में आग लग गई थी। यह आग चार से पांच दिन तक धधकती रही। आग को बुझाने में निगम को 11 लाख लीटर पानी और लगभग 110 टैंकर मिट्टी डालनी पड़ी। प्राथमिक तौर पर निगम के अधिकारियों ने कहा कि डंपिंग ग्राउंड पर पहले आग लगी और फिर तेज हवा के चलने से वहां से चिंगारी कचरा निस्तारण प्लांट तक पहुंच गई। इससे प्लांट में भी आग लग गई।
एक अप्रैल को सीपीसीबी ने प्लांट में लगी आग के कारणों की जांच कर रिपोर्ट देने को कहा था लेकिन 21 दिन बीतने के बावजूद निगम ने अब तक जवाब नहीं दिया है।
क्या कहते हैं सीपीसीबी अध्यक्ष
हमने एक अप्रैल को निगम को पत्र जारी कर दिया था लेकिन जवाब नहीं आया। फिर फोन कर जवाब देने को कहा लेकिन अब तक कोई रिपोर्ट नहीं दी गई है। एक बार फिर से निगम को इस संबंध में याद दिलाया जाएगा। -देवेंद्र दलाई, अध्यक्ष, सीपीसीबी
क्या कहते हैं निगम आयुक्त
मुझे पत्र के बारे में जानकारी नहीं है। इस संबंध में चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड की तरफ से कोई पत्र आया है तो उसका तत्काल जवाब दिलवा देंगे। -केके यादव, निगम आयुक्त