चंडीगढ़। पंजाब क्रिकेट एसोसिएशन (पीसीए ) की रविवार को हुई विशेष आम सभा की बैठक में गुलजार इंदर सिंह चहल का अध्यक्ष पद से इस्तीफा आधिकारिक तौर पर मंजूर कर लिया गया। चहल ने पिछले दिनों तमाम विरोध के बीच ट्वीट कर अपने पद से इस्तीफा दे दिया था। पीसीए के मुख्य सलाहकार और राज्यसभा सदस्य हरभजन सिंह ने भी लोकपाल को शिकायत को भेजी थी।
पीसीए के एपेक्स काउंसिल सदस्यों की हुई बैठक में इस्तीफे को मंजूरी दी गई। इसके साथ ही अब नए अध्यक्ष की तलाश की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई। जल्द ही रिर्टनिग ऑफिसर की नियुक्त की जाएगी, जिनकी देखरेख में नए अध्यक्ष के चुनाव होंगे।
इस बीच पीसीए के उपाध्यक्ष पद से गगन खन्ना ने भी इस्तीफा दिए जाने को लेकर सूचित कर दिया। उन्होंने कहा कि उन्होंने यह पद क्रिकेट को ऊचांई तक पहुुुंचाए जाने के मकसद से ग्रहण किया था, लेकिन पिछले कई दिनों से सदस्यों के आपसी मनमुटाव, व्यक्तिगत हमले से पीसीए जैसे प्रतिष्ठित संस्थान की छवि पर विपरीत प्रभाव पड़ा। इसलिए वह भारी मन से अपने पद से इस्तीफ दे रहे हैं।