पार्षदों को टूटने से बचाने के लिए भाजपा, आम आदमी पार्टी और कांग्रेस भरपूर कोशिश कर रही है। सबसे पहले आम आदमी पार्टी के 14 पार्षदों को दिल्ली ले जाया गया था, यहां आप की सरकार है और अरविंद केजरीवाल मुख्यमंत्री हैं। हालांकि, मेयर चुनाव में नामांकन के लिए पार्टी के सभी पार्षद चंडीगढ़ आ गए।
अगले ही दिन कांग्रेस के सात पार्षदों को लेकर प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला राजस्थान रवाना हो गए। यहां कांग्रेस की सरकार है और अशोक गहलोत मुख्यमंत्री हैं। बुधवार को भाजपा अपने सभी 13 पार्षदों को लेकर शिमला रवाना हो गई। यहां भाजपा की सरकार है और जयराम ठाकुर मुख्यमंत्री है। चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन हिमाचल प्रदेश के सह-प्रभारी भी हैं।
आम आदमी पार्टी अपने पार्षदों को कह रही है कि उसने भाजपा के पार्षदों को दो-दो करोड़ में खरीद लिया है। हमारे सभी पार्षद एक साथ हैं, यही संदेश देने के लिए सभी को एक साथ शिमला भेजा गया है। मेयर भाजपा का बन रहा है। पार्टी इस बात को लेकर पूरी तरह से आश्वस्त है। - अरुण सूद, प्रदेश अध्यक्ष, भाजपा
मेयर चुनाव में हिस्सा नहीं लेगी कांग्रेस
मेयर चुनाव में कांग्रेस के पार्षद वोट नहीं डालेंगे। पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष सुभाष चावला ने खुद इस बात पर मुहर लगाई है। ऐसे में भाजपा और आम आदमी पार्टी के बीच कांटे की टक्कर तय है, क्योंकि दोनों ही दलों के पास 14-14 वोट हो गए हैं। अब शिअद के एकमात्र पार्षद पर सबकी निगाहें टिक गई हैं।
बता दें कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष समेत सभी सातों पार्षद जयपुर में हैं और धार्मिक स्थलों का भ्रमण कर रहे हैं। कांग्रेस ने मेयर चुनाव नहीं लड़ रही है। यही वजह है कि पार्टी ने चुनाव में वोट देने से भी इनकार कर दिया है। उम्मीद है कि कांग्रेस के पार्षद सात जनवरी की शाम या आठ जनवरी की सुबह जयपुर से चंडीगढ़ पहुंचेंगे। इससे पहले वह राजस्थान के सभी धार्मिक व पर्यटन स्थलों का भ्रमण करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष ने पार्षदों के साथ अजमेर शरीफ में चादर चढ़ाया। इसके बाद पुष्कर गए और माथा टेका। उधर, कांग्रेस के इस फैसले पर आप के प्रदेश संयोजक प्रेम गर्ग ने कहा कि वोट कांग्रेस पार्षदों को वोट देना चाहिए। वे सदन में आएं और वोट करें, चाहे जिसे करें।