कोरोना के मरीज के लिए प्लाज्मा देते संदीप
- फोटो : CHANDIGARH
चंडीगढ़। लीव फॉर ह्यूमैनिटी संस्था के अध्यक्ष संदीप पाहुजा ने बुधवार को कोरोना के दो गंभीर मरीजों की जान बचाने के लिए प्लाज्मा दान किया। इससे पहले उन्होंने दिसंबर 2020 में कोरोना के एक मरीज को प्लाज्मा दान किया था। एक निजी अस्पताल से कॉल आने पर उन्होंने सबसे पहले अपने आईजी लेवल की जांच कराई। इसमें उनकी रिपोर्ट 10 प्लस आई। उसके बाद उन्होंने अस्पताल में भर्ती दो मरीजों की जान बचाने के लिए तत्काल दो यूनिट प्लाज्मा दान किया।
संदीप ने बताया कि दोनों मरीज ए पॉजिटिव थे। उनका ग्रुप भी ए पॉजिटिव है। अब तक वह 103 बार खून दान करने के अलावा प्लाज्मा दान कर चुके हैं। इसमें से 73 बार होल ब्लड, 27 बार प्लेटलेट्स और तीन बार प्लाज्मा का दान शामिल है। संदीप का कहना है कि खून देने से किसी भी तरह की कोई परेशानी नहीं होती। वह जब भी रक्तदान करते हैं उन्हें बेहद खुशी मिलती है। वह अपने सहयोगियों को भी इसके लिए उत्साहित करते हैं।