इंटरनेशनल एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया को भले ही कस्टमर सेट्सिफेक्शन सर्विस में पहला स्थान मिल गया है, लेकिन हकीकत कुछ और ही है इसकी। यहां जनवरी से मार्च तक तीन महीने का समय बीत जाने के बाद भी कोई व्यवस्था इंटरनेशनल स्तर पर नहीं हो सकी है। यह अवार्ड एक अप्रैल को एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के 22वें वार्षिक समारोह का आयोजन दिल्ली में किया गया था।
यह अवार्ड इंटरनेशनल एयरपोर्ट के सीईओ सुनील दत्त ने दिल्ली में प्राप्त किया है। एयरपोर्ट अथॉरिटी ऑफ इंडिया के अनुसार, उसने एक एजेंसी से देशभर के 52 एयरपोर्ट पर छह माह का कस्टमर सेटिसफेक्शन सर्वे कराया था। यह सर्वे पांच अंक के पैरामीटर पर हुआ था। सर्वे जुलाई से दिसंबर 2016 तक का हुआ था। सर्वे में एयरपोर्ट की परफारमेंस, सुविधा, स्वच्छता सहित कई मानकों को परखा गया।
इसमें चंडीगढ़ इंटरनेशनल एयरपोर्ट को पहला स्थान हासिल हुआ। यात्रियों की संतुष्टि की जांच के पैरामीटर पर चंडीगढ़ एयरपोर्ट को 4.86 अंक मिले हैं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट को शॉपिंग कॉम्प्लेक्स और मनी एक्सचेंज काउंटर के लिए 4.98 अंक दिए गए हैं। इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट इंर्फोमेशन कैटेगरी में 4.81 प्वाइंट मिले।
बैगेज सुविधा के लिए 4.88 अंक मिले हैं, लेकिन यहां पर अभी तक केवल एक ही बैगेज सिस्टम बनाया गया है। इसके अलावा ग्राउंड ट्रांसपोर्टेशन के लिए 4.87 प्वाइंट और पार्किंग फैसिलिटी में 4.86 अंक मिले हैं।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर एनाउंस सिस्टम ठीक नहीं है। इस कारण लोगों को परेशानी हो रही है। कई बार आवाज समझ में नहीं आती है। इस कारण कई यात्रियों को तकलीफ होती है।
यह है सच
इंटरनेशनल एयरपोर्ट चंडीगढ़
- फोटो : अमर उजाला
एयरपोर्ट में शॉपिंग कॉम्प्लेक्स ही नहीं है। इसके बाद भी इसे 4.98 अंक मिले है। वहीं फ्लाइट इंर्फोमेशन कैटेगरी में 4.81 अंक मिले हैं, लेकिन लोगों का कहना है कि एयरपोर्ट पर बाहर बड़ी स्क्रीन नहीं लगाई गई है।
इस कारण सही तरीके से फ्लाइटों की संख्या का दूर से पता नहीं चल पाता है। बैगेज सिस्टम सुविधा को 4.88 अंक मिले हैं, लेकिन हकीकत में 34 फ्लाइटों पर यहां दो ही कन्वेयर बेल्ट है। इसी कारण लोगों को कई बार वेट करना पड़ता है।
वहीं यहां पर आवारा कुत्ते भी घूमते रहते हैं। उन्हें भी नहीं पकड़ा जा रहा है। एक कमरे में इंटरनेशनल एयरपोर्ट का थाना चल रहा है। अभी तक इसके थाने को बड़ा नहीं बनाया गया है। जमीन अलाटमेंट का फैसला अभी तक नहीं हो पाया है।
यात्रियों के लिए अंदर एटीएम की सुविधा होनी चाहिए, लेकिन अभी तक अंदर कोई एटीएम नहीं लगाया गया है। इस कारण यात्रियों को परेशानी होती है। बाहर भी छह हजार यात्रियों पर एक ही एटीएम है। इस पर अधिकतर समय भीड़ रहती है
एयरपोर्ट मैनेजर का ऑफिस बाहर होने के कारण कई बार परेशानी होती है। कई बार यात्रियों को विमानन कपंनियों के रवैये से परेशानी होने के बावजूद चेक इन करने के बाद शिकायत के लिए बाहर नहीं निकल पाते हैं। इसलिए यह ऑफिस अंदर बनाया जाना चाहिए।
इंटरनेशनल एयरपोर्ट को कस्टमर सेट्सिफेक्शन में पहला स्थान मिला है। एयरपोर्ट की सभी सुविधाओं को जल्द दुरुस्त किया जाएगा। रेस्टोरेंट के लिए जल्द ही टेंडर जारी किए जाएंगे। वहीं पुलिस थाना भी बड़ा बनाया जाएगा।
- सुनील दत्त, सीईओ, इंटरनेशनल एयरपोर्ट