सुप्रीमकोर्ट के नेशनल हाइवे के नजदीक शराब के ठेकों पर पाबंदी लगने के बाद यह पहला मौका है जब चंडीगढ़ में शराब के एक ठेके की कीमत ने रिकॉर्ड तोड़ा हो। पहली बार शराब का एक ठेका 9 करोड़ 50 लाख में बिका। शराबबंदी के चलते शहर के 77 में से महज 53 शराब ठेकों की नीलामी बुधवार को हुई। 53 शराब के ठेकों की नीलामी के लिए रखे गए 138 करोड़ रुपये रिजर्व प्राइज के मुकाबले 170 करोड़ रुपये का राजस्व जुटाया है।
टैगोर थिएटर में आबकारी एवं कराधान विभाग ने 53 ठेकों की नीलामी पूरी की। शहर के सेक्टर-42 स्थित शराब ठेके की सबसे महंगी बोली लगाई गई। कलेर वाइंस के मालिक दर्शन सिंह कलेर ने 9.51 करोड़ रुपये में सेक्टर 42 स्थित शराब का ठेका खरीदा। वहीं, कलेर वाइंस ने सेक्टर-44 मार्केट स्थित ठेका 7.51 करोड़ रुपये में खरीदा। कलेर वाइंस ने 53 में से चार ठेकों की बोली लगाई। इनमें सेक्टर-40 में वेंड नंबर-36 3.21 करोड़ रुपये और सेक्टर-41 में वेंड नंबर-39 4.21 करोड़ रुपये का खरीदा।
वहीं, नीलामी में दूसरे सबसे बड़े प्लेयर के रूप मेें विनीत खन्ना व कमलेश खन्ना उभर कर सामने आए। विनीत खन्ना व कमलेश खन्ना ने तीसरी सबसे ऊंची बोली लगाकर सेक्टर-30 का ठेका 5.05 करोड़ रुपये में खरीदा। बचे हुए शराब के ठेकों की नीलामी को लेकर दोबारा टेंडर जारी किया जाएगा। विभाग ने वित्तीय वर्ष 2017-18 में 77 शराब के ठेकों की नीलामी के लिए 202 करोड़ रुपये रिजर्व प्राइज रखा था।
अस्सिटेंट एक्साइज एंड कमिश्नर रविंदर कौशिक ने जानकारी देते हुए बताया कि पिछले वर्ष के मुकाबले इस वर्ष 77 में से 53 ठेकों की नीलामी में प्रशासन को कुल 22.94 प्रतिशत का मुनाफा हुआ है। 53 शराब के ठेकों के रिजर्व प्राइज 138 करोड़ रुपये के मुकाबले प्रशासन को 170 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ।