नतीजे घोषित होने के बाद से विद्यार्थियों में खुशी की लहर है। मदर्स डे के दिन नतीजे घोषित होने की वजह से यह दिन सफल छात्रों के लिए और भी खास हो गया। परिजनों ने सभी छात्रों का मुंह मीठा कराया। कई स्कूलों में छात्र इकट्ठे हुए और अध्यापकों का धन्यवाद किया। अध्यापकों ने भी बच्चों का मुंह मीठा करा के भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।
ट्राइसिटी में सीआईएससीई बोर्ड के हैं कुल नौ स्कूल
ट्राइसिटी में सीआईएससीई बोर्ड के कुल नौ स्कूल हैं। इनमें चंडीगढ़ में चार सेंट जेवियर्स सीनियर सेकेंडरी स्कूल, सेंट स्टीफंस स्कूल, टेंडर हार्ट स्कूल और स्ट्रॉबेरी फील्ड्स वर्ल्ड स्कूल हैं। मोहाली में दो यादविंद्र पब्लिक स्कूल और सेंट जेवियर्स हैं। वहीं, पंचकूला में तीन लिटिल फ्लावर स्कूल, सेंट जेवियर्स और सौपिंस स्कूल हैं।
कविताएं लिख और गाने सुन करती थीं तनाव दूर
स्ट्रॉबेरी फील्ड हाईस्कूल की छात्रा तान्या ने 98.75 प्रतिशत अंक लाकर 12वीं कला संकाय में ट्राइसिटी में टॉप किया है। अच्छे अंक लाने के लिए तान्या ने बताया तनाव को दूर करना सबसे जरूरी है। इसलिए परीक्षा की चिंता होने पर वह कविताएं लिखती थीं और गाने सुनती थीं। परीक्षा के लिए सिलेबस को विभाजित कर हर दिन एक-एक विषय पढ़कर तैयारी की। तान्या अब मनोविज्ञान और अंग्रेजी साहित्य में स्नातक करना चाहती हैं और उनकी प्रेरणा का स्त्रोत उनके भाई रहे है जिन्होंने स्वयं 12वीं में टॉप किया था।
बड़ी बहनों से मिली पढ़ने की प्रेरणा
12वीं नॉन मेडिकल संकाय में स्ट्रॉबेरी फील्ड हाईस्कूल के सोहम ने 98.25 अंक पाकर ट्राइसिटी में टॉप किया है। सोहम ने बताया अपनी बड़ी बहनों को परीक्षा में मेहनत करता देख उन्हें बेहतर करने की प्रेरणा मिली। उनसे सोहम ने समय का सही उपयोग करना सीखा और रोजाना अपने लक्ष्य सेट कर उन्हें हासिल किया। अपने जूनियर्स को सलाह देते हुए सोहम ने बताया कि हर विद्यार्थी का अपनी योग्यता होती है और उसके अनुसार तैयारी करना जरूरी है। निश्चित घंटे पढ़ाई करने की जगह सोहम रोज के लक्ष्य सेट करते थे।
खुद पर आत्मविश्वास होना बहुत जरूरी
12वीं कॉमर्स संकाय में 97.5 प्रतिशत अंक ला ट्राइसिटी में टॉप करने वाली आशना जैन ने बताया परीक्षा में बेहतर करने के लिए खुद पर आत्मविश्वास रखना बहुत जरूरी है। स्ट्रॉबेरी फील्ड्स हाईस्कूल की छात्रा आशना ने बताया उन्होंने 11वीं के शुरू में ही अपना सोशल मीडिया अकाउंट निष्क्रिय कर दिया था। इसके अलावा खुद पर कोई पाबंदी नहीं लगाई थी पर पढ़ाई के समय पूरा ध्यान पढ़ाई पर रहता था। परीक्षा की चिंता होने या अंक कम आने पर आशना अपने अध्यापकों से बात किया करती थी जोन उनका सही मार्गदर्शन करते थे।
परीक्षा में सेल्फ स्टडी और अध्यापकों की सलाह आई काम
सेंट स्टीफन स्कूल की कविशा ने 10वीं में 99 प्रतिशत लाकर ट्राइसिटी में तीसरे स्थान हासिल किया। उन्होंने बताया सेल्फ स्टडी और अध्यापकों की सलाह ने उन्हें अच्छे अंक लाने में सहायता की। कविशा ने कोई निश्चित समय सारणी नहीं बनाई थी पर रोजाना अपनी पसंद के अनुसार पढ़ाई करती थी। बताया उनकी तैयारी में उनकी अध्यापिका रश्मी ने अहम भूमिका निभाई।
घर पर पढ़कर हासिल किए 99 प्रतिशत अंक
99 प्रतिशत अंक प्राप्त कर सेंट जेवियर सीनियर सेकेंडरी स्कूल के एकलव्य ने ट्राइसिटी टॉपर्स में अपना नाम शामिल किया है। एकलव्य ने बताया उन्होंने कोई ट्यूशन नहीं लगाया था बल्कि उन्हें घर उनकी मां पढ़ाती थी। अपने जूनियर्स को सलाह देते हुए एकलव्य ने कहा कि केवल पढ़ाई तक खुद को सीमित न करें। इसके अलावा अन्य गतिविधियों में भी भाग लें और रोज की पढ़ाई रोज करें, उसे कल पर न छोड़ें।