बिजली विभाग ने लोगों को दीवाली का बड़ा और डबल तोहफा दिया है। दो नई सुविधाएं देते हुए बिजली बिल को लेकर राहत दी गई है। अब लोग अपने नाम पर घर में ही मीटर लगवा सकेंगे और बिजली भी सस्ती मिलेगी। दीवाली से पहले ये बड़ी राहत दी गई है।
इसके तहत अब चंडीगढ़ में लाल डोरे से बाहर बने हल्लोमाजरा के लोगों के घर का अब उनके नाम पर बिजली मीटर होगा। बिजली के मीटर लगाने की शुरूआत शनिवार से हुई। इस दौरान आयोजित समारोह में भाजपा अध्यक्ष संजय टंडन पहुंचे।
उन्होंने कहा कि पूर्व सांसद पवन बंसल ने हल्लोमाजरा को एक बार रेगुलर करवाने के बाद उसकी अधिसूचना वापस करवा दी थी, जिस कारण यहां का एरिया रेगुलर नहीं हो पाया है। अब भाजपा के कार्यकाल में यहां पर रहने वाले लोगों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रहीं हैं। कार्यक्रम में पार्षद सतीश कैंथ, उपाध्यक्ष रामलाल, जिला अध्यक्ष देवी सिंह और पूर्व चेयरमैन दीदार सिंह ने भी भाग लिया।
मीटर लगाने का प्रशासन ने 62 लाख रुपये का टेंडर अलॉट किया है। हल्लोमाजरा में करीब तीन हजार घर हैं, जिन्हें फायदा मिलेगा। अब लोगों के घर पर अपना बिजली का मीटर लगने से उन्हें पहले के मुकाबले में सस्ती बिजली मिलेगी जबकि पहले ठेकेदार की ओर से साढ़े 5 से छह रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली का चार्ज किया जाता था। अब लोगों को करीब चार रुपये प्रति यूनिट के हिसाब से बिजली अन्य लोगों की तरह मिलेगी।