चंडीगढ़। ट्राइसिटी में शुक्रवार को कोरोना के 126 नए मरीजों के मिलने से चौथी लहर की आशंका बढ़ गई। चार महीने बाद एक दिन में सबसे ज्यादा 55 मरीज चंडीगढ़ में मिले। इससे संक्रमण दर भी 4.56 फीसदी तक पहुंच गई। वहीं, पंचकूला में 40 और मोहाली में 31 नए मरीज मिले। संक्रमण के खतरे को देखते हुए चंडीगढ़ के स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने शहरवासियों से अपील की है कि वे अपने बच्चों का जल्द से जल्द टीकाकरण करवा लें।
चंडीगढ़ सेक्टर-9 और मलोया में चार-चार लोग संक्रमित पाए गए। वहीं, सेक्टर-15, सेक्टर-24, धनास और मनीमाजरा में तीन-तीन मरीज मिले। स्वास्थ्य विभाग ने पिछले 24 घंटे में 1205 लोगों की जांच की। इनमें 32 पुरुष और 23 महिलाएं शामिल हैं। वहीं 35 मरीज ठीक होकर घर लौटे। सक्रिय मरीजों की संख्या 268 हो गई है। अस्पतालों में ऑक्सीजन बेड पर 20 और वेंटिलेटर कोई भी मरीज भर्ती नहीं है। अब तक 1165 मरीजों की कोरोना से मौत हो चुकी है।
अस्पताल में भर्ती होने वाले लोगों की संख्या कम : स्वास्थ्य सचिव
स्वास्थ्य सचिव यशपाल गर्ग ने कहा कि कोरोना के नए मामले भले अब ज्यादा आने लग गए हैं, लेकिन अस्पतालों में दाखिल होने वाले मरीजों की संख्या कम है। उन्होंने कहा कि ऐसा इस वजह से भी हो सकता है, क्योंकि शहर की ज्यादातर आबादी पूरी तरह से वैक्सीनेटेड है। लोगों ने वैक्सीन की दोनों डोज लगा ली है। काफी संख्या में लोगों ने प्रिकॉशन डोज भी लगाई हुई है।
बच्चों का टीकाकरण अभियान धीमा
स्वास्थ्य सचिव ने कहा कि तमाम प्रयास के बावजूद 12 से 14 साल के बच्चों के टीकाकरण अभियान में तेजी नहीं आ रही है। उन्होंने कहा कि माता-पिता को अपने बच्चों के टीकाकरण के लिए आगे आना चाहिए और उन्हें जल्द से जल्द टीका लगवाना चाहिए, क्योंकि देश भर में कोरोना के केस बढ़ रहे हैं, जिसका असर चंडीगढ़ में भी देखने को मिल रहा है। यशपाल गर्ग ने कहा कि उन्होंने अस्पतालों को सभी जरूरी दिशा-निर्देश दे दिए हैं। विभाग के पास दवाइयों और ऑक्सीजन का का स्टॉक पूरा है, उन्होंने कुछ दिन पहले ही इसकी समीक्षा की है।
--------------
दिन केस संक्रमण दर
11 जून 37 2.67
12 जून 46 3.87
13 जून 25 3.58
14 जून 48 4.36
15 जून 22 2.89
16 जून 35 2.86
17 जून 55 4.56