चंडीगढ़ सेक्टर-56 में बनने वाली बल्क मार्केट प्रोजेक्ट में ग्रीन एरिया प्रशासन के लिए रोड़ा बन रहा है। प्रशासन ने बल्क मार्केट प्रोजेक्ट की डीपीआर तैयार करने के लिए कंसल्टेंट नियुक्त करने की कवायद तेज कर दी है।
सेक्टर-56 में बनने वाली बल्क मार्केट में सिर्फ फर्नीचर मार्केट ही नहीं मार्बल मार्केट के कारोबारी व व्यापारियों को भी ई ऑक्शन के जरिए जगह दी जाएगी। 55 एकड़ में बनने वाली इस मार्केट पर 22 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। बल्क मार्केट की योजना-2016 और 2018 में धनास और सारंगपुर की मौजूदा मार्बल मार्केट का सर्वे करने के बाद बनाई गई थी। प्रशासन ने इसको लेकर एक सर्वे कराया था। इस सर्वे में कुल 182 दुकानें चिन्हित की गई थीं, जिनमें से 162 मार्बल की थीं। प्रशासन ने जो नया प्लान तैयार किया है, उसके मुताबिक बल्क मार्केट में 200 प्लॉट ई ऑक्शन के लिए रखे जाएंगे। प्रशासन ने फर्नीचर मार्केट पर तो कार्रवाई कर दी है, अब धनास व सारंगपुर की मार्बल मार्केट को हटाने के लिए प्रशासन कभी भी हाथ बढ़ा सकता है।
करीब 22 करोड़ रुपये की लागत से विकसित किया जा रहा सेक्टर-56 का बल्क मटेरियल मार्केट कुल 55 एकड़ में फैला होगा। इसमें एक-एक कनाल के 200 प्लॉट और 52 बूथ शामिल हैं। एक कनाल वाले प्लॉट्स पर बेसमेंट के साथ तीन मंजिल के निर्माण की अनुमति होगी। यहां सड़क नेटवर्क, जलापूर्ति, सीवरेज, स्टॉर्म वॉटर ड्रेनेज, पावर सब स्टेशन, स्ट्रीट लाइट और ग्रीन स्पेस जैसी बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। एक कनाल प्लॉट का एरिया 15x28 मीटर और बूथ का एरिया 2.52x8.3 मीटर होगा।