चंडीगढ़ का यूथ हमेशा ही कुछ अलग हटकर करने और सोचने में यकीन रखता है। ऐसा ही एक अनोखा संकल्प युवाओं ने इस बार रक्षा बंधन पर लिया है। भाई और बहन एक दूसरे को रक्षा बंधन पर हेलमेट गिफ्ट करेंगे। यूथ का कहना है कि सड़कों पर आए दिन होने वाले हादसों में कितनी ही जानें चली जाती हैं।
इनमें से ज्यादातर हेलमेट न पहनने के कारण होती हैं। ऐसे में हम रक्षा बंधन पर सबको यह संदेश देना चाहते हैं कि यदि आप अपनी बहन या भाई की फिक्र करते हैं तो उन्हें गिफ्ट में हेलमेट भेंट करें। इससे दूसरे लोगों को भी प्रेरणा मिलेगी। अमर उजाला से अपने जज्बात साझा करते हुए युवाओं ने अपने इस संकल्प के बारे में कुछ यूं बताया।
हर साल कुछ न कुछ अलग गिफ्ट देता हूं, इस बार दूंगा हेलमेट
हर साल रक्षा बंधन पर मैं अपनी बहन को गिफ्ट देता हूं। गिफ्ट के रूप में हेलमेट देेन का आइडिया यूनीक है। मैं यही करूंगा और अपने दोस्तों को भी इसके लिए प्रेरित करूंगा। टूव्हीलर पर चलते समय कई बार हम हेलमेट लगाने से परहेज करते हैं। ऐसा करना जानलेवा हो सकता है। रक्षा बंधन पर यह संदेश भी सभी को जाएगा। - दविंदर, छात्र
हेलमेट से बढ़िया गिफ्ट और क्या हो सकता है
रक्षा बंधन भाई बहन के पवित्र प्यार का त्योहार है। हर भाई राखी बंधवाने के बाद बहन की रक्षा का वचन देता है। हेलमेट देकर सही मायने में यह वचन साकार होगा। मैं अपनी बहन को हेलमेट गिफ्ट करूंगा साथ ही खुद भी बिना हेलमेट कभी नहीं चलने का वादा भी करूंगा। - राजेश, छात्र
बहन को दूंगा स्टाइलिश हेलमेट
मेरी बहन हर बार रक्षा बंधन पर मुझ रिटर्न गिफ्ट देती है। मैंने सोचा है कि इस बार मैं उसे अच्छा सा स्टाइलिश हेलमेट गिफ्ट करूं। 26 अगस्त को राखी बंधवाने के बाद मैं ऐसा करने वाला हूं। हेलमेट सुरक्षा के लिए लिहाज से भी बेहद जरूरी है। इंद्रपाल, छात्र
राखी के साथ एक स्पेशल गिफ्ट दूंगी: पूजा
मैं देखती हूं कि शहर में अक्सर लड़के बिना हेलमेट के फर्राटे से बाइक दौड़ाते हैं, यह बेहद खतरनाक हो सकता है। हादसे में उनकी जान भी जा सकती है। मुझे अपने भाई की जिंदगी की फिक्र है। मैं उसे इस बार रक्षा बंधन पर हेलमेट गिफ्ट करूंगी और यह वादा लूंगी कि कभी वह बिना हेलमेट बाइक नहीं चलाएगा। चंद्रा, छात्रा
गिफ्ट में हेलमेट..शानदार आइडिया
राखी बंधवाने के बदले में गिफ्ट के रूप में हेलमेट देना शानदार आइडिया है। मेरे दिमाग में पहले यह क्यों नहीं आया। इससे अच्छा गिफ्ट दूसरा कोई हो ही नहीं सकता। मैं अपने भाई को अच्छा सा हेलमेट गिफ्ट करूंगी। हेलमेट हमें हादसों से बचाने में मददगार साबित होते हैं। मैं दूसरी लड़कियों को भी इसके लिए प्रेरित करूंगी। जस्सी, छात्रा
इस आइडिये से दूसरों को मिलेगी प्रेरणा
मुझे लगता है कि राखी पर हेलमेट गिफ्ट करना सबसे अच्छा है, क्योंकि जहां हम दूसरे गिफ्ट आइटम खरीदने में पैसे खर्च करेंगे। उससे अच्छा है कि हम अपने भाई को एक ऐसा गिफ्ट दें, वे यूज भी कर सकें। रक्षा बंधन भाई के प्रति प्यार प्रदर्शित करने का ही त्योहार है। ऐसे में मैं अपने भाई को यह स्पेशल गिफ्ट ही दूंगी। -सिंधू
रक्षाबंधन पर हमें भेजें सेल्फी विद हेलमेट
यदि आप भी अपनी बहन या भाई को गिफ्ट में हेलमेट देते हैं तो रक्षाबंधन वाले दिन सेल्फी खींचकर हमें भेजें। इसमें आप अपना नाम पता और संक्षिप्त विवरण भी लिखें। हम उसे प्रकाशित करेंगे। तस्वीर आप सिटी रिपोर्टर मेलआईडी या पर भेज सकते हैं।