चंडीगढ़ हल्लोमाजरा में स्कूल का निरीक्षण करने पहुंचे प्रशासक।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी।
चंडीगढ़ के प्रशासक बनवारी लाल पुरोहित ने सलाहकार धर्मपाल और शिक्षा अधिकारियों के साथ शनिवार को हल्लोमाजरा स्थित गवर्नमेंट हाई स्कूल का दौरा किया। स्कूल के एक हिस्से में टीन शैड के कमरे बनाकर बच्चों की कक्षाएं लगाई जा रही थी। प्रशासक ने स्कूल के दोनों हिस्सों का दौरा किया और कमरे व व्यवस्थाएं देखी।
इसके बाद हल्लोमाजरा में स्थान देखकर नया स्कूल बनाने का आश्वासन दिया। जब तक स्कूल की व्यवस्था नहीं होती, तब तक नौवीं और दसवीं के बच्चों को मक्खनमाजरा के स्कूल में भेजने के लिए गांववासियों से अपील की है। मक्खनमाजरा में बच्चों को स्कूल भिजवाने के लिए ट्रांसपोर्ट की व्यवस्था प्रशासन की ओर से की जाएगी।
हल्लोमाजरा के स्कूल में बच्चों की संख्या बढ़ने पर स्कूल का दूसरा अस्थाई हिस्सा वर्ष 2008 में नया स्कूल बनने तक के लिए टीन शेड का बनाया गया। इस क्षेत्र में स्कूल के लिए जो जमीन निर्धारित की गई थी, मुख्य सड़क के साथ होने के कारण उसका प्रस्ताव रद्द कर दिया। इसलिए वर्ष 2008 से इस अस्थाई टीन शेड में ही बच्चों की कक्षाएं लगाई जा रही थी। गर्मी बढ़ने पर छात्रों को समस्याएं आने लगी और गांववासियों ने स्कूल की मांग को लेकर आवाज उठाई। प्रशासक को पत्र लिखे जाने के बाद शनिवार को प्रशासन और शिक्षा विभाग की टीम ने दौरा किया। इस दौरान चीफ इंजीनियर को हल्लोमाजरा में गांववासियों से सलाह कर जमीन निर्धारित करने का भी निर्देश दिया गया ।