कोरोना वायरस (प्रतीकात्मक तस्वीर)
- फोटो : PTI
चंडीगढ़ में आने वाले दिनों में कोरोना वायरस की टेस्टिंग की संख्या और बढ़ाई जाएगी। इसके लिए चंडीगढ़ प्रशासन ने 5000 नए एंटीजन टेस्ट किट खरीदने का आर्डर दे दिया है। किट के मिलने के बाद शहर के विभिन्न हिस्सों में रैंडम सैंपलिंग करके कोरोना वायरस के संक्रमण को रोकने की कवायद होगी। किट के ऑर्डर देने की जानकारी प्रशासक वीपी सिंह बदनौर की अध्यक्षता में हुई समीक्षा बैठक में डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज डॉ. जी. दीवान ने दी।
बैठक में बदनौर ने पीजीआई को आदेश दिए कि वह कोरोना वायरस के मरीजों के लिए दो डायलिसिस मशीनें लगाए। यह सुविधा उन मरीजों के लिए होनी चाहिए, जो मरीज भले पीजीआई में भर्ती न हो लेकिन उन्हें सेहत ठीक रखने के लिए समय-समय पर डायलिसिस की जरूरत पड़ती है।
बैठक में बताया गया कि जीएमसीएच-32 में पहले ही कोरोना के मरीजों के लिए दो डायलिसिस मशीनें लगी हैं, जहां पर कोरोना वायरस के मरीज इस सुविधा का लाभ ले रहे हैं। बैठक में नगर निगम के कमिश्नर व इन-चार्ज डीसी केके यादव ने बताया कि शहर में अब तक 4,80,649 बार आरोग्य सेतु एप डाउनलोड किया जा चुका है। वहीं मास्क नहीं पहनने व सामाजिक दूरी के नियमों का पालन नहीं करने पर 14,919 लोगों के चालान काटे गए हैं।
60,646 ने लिया ऑनलाइन डिजिटल हेल्थ कार्ड
बैठक में पीजीआई के डायरेक्टर प्रो. जगतराम भी उपस्थित रहे। उन्होंने बताया कि नेहरू एक्सटेंशन में फिलहाल 61 चंडीगढ़, 68 पंजाब, 32 हरियाणा और 26 हिमाचल प्रदेश के कोरोना मरीज भर्ती हैं। जीएमसीएच-32 के डायरेक्टर प्रिंसिपल डॉ. बीएस चवन ने बताया कि उनके द्वारा लिए 293 कोरोना वायरस के सैंपल में से 124 पॉजिटिव पाए गए हैं।
सूद धर्मशाला में 157 व सेक्टर-46 के धनवंतरी कॉलेज में 61 मरीज भर्ती हैं। दो दिन में 52 मरीज ठीक होकर लौट गए हैं। डायरेक्टर हेल्थ सर्विसेज डॉ. जी. दीवान ने बताया कि विभाग ने 551 आरटी-पीसीआर टेस्ट लिए थे जिसमें से 81 पॉजिटिव पाए गए हैं। शहर में 60,646 लोगों ने ऑनलाइन डिजिटल हेल्थ कार्ड हासिल किया है।