कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों के बीच चंडीगढ़ प्रशासन ने एक बार फिर सीटीयू की लांग रूट की बसों को चलाने का फैसला लिया है। 16 सितंबर से बसें चलनी शुरू हो जाएंगी। इसी दिन से पंजाब, हरियाणा व अन्य राज्यों की बसें भी आईएसबीटी-43/17 पर रुक सकेंगी। बसें चलाने के लिए सीटीयू ने कई नियम भी तय किए हैं।
केंद्र सरकार के आदेशों के बाद ही यूटी प्रशासन के ट्रांसपोर्ट सचिव की तरफ से यह आदेश जारी किए गए हैं। दूसरे राज्यों के प्रिंसिपल सेक्रेटरी व मैनेजिंग डायरेक्टर को भी आदेश की कॉपी सूचित करने के लिए भेज दी गई है। इससे पहले जून माह में भी प्रशासन ने लांग रूट की बस सर्विस शुरू की थी लेकिन कोरोना के केस बढ़ने के चलते बसों को शुरू करने के तीन दिन बाद ही दोबारा से बंद कर दी गई थी।
इस दौरान दूसरे राज्यों की बसों के आने पर भी चंडीगढ़ में रोक लगा दी गई थी। प्रशासन ने साफ किया है कि बसों में सभी प्रकार के नियमों की पालना करनी होगी, ताकि स्टाफ व सवारियों को कोरोना संक्रमण से बचाया जा सके।
काउंटर पर नहीं मिलेगी टिकट, मास्क पहनना जरूरी
प्रशासन की तरफ से बसों को चलाने के लिए स्टाफ व लोगों के लिए कुछ नियम भी तय किए हैं। इसके अनुसार, बीच रास्ते में से सवारियों को चढ़ने व उतरने की इजाजत नहीं होगी। सिर्फ आईएसबीटी सेक्टर-17 व 43 से ही शहर के अंदर सवारियों को बैठाया जाएगा। बसों में सोशल डिस्टेंस के लिए 50 प्रतिशत यात्रियों को ही बैठाने की सुविधा होगी।
बसें प्वाइंट-टू-प्वाइंट बेसिस पर चलाई जाएंगी। बस की टिकट सीटीयू की वेबसाइट, मोबाइल एप या बस के अंदर ली जा सकेगी। काउंटर पर टिकट की सुविधा नहीं मिलेगी। यात्रियों को आरोग्य सेतु एप डाउनलोड करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। बसों के अंदर यात्रियों को बिना मास्क के चढ़ने की इजाजत नहीं होगी और ये सुनिश्चित करने की जिम्मेदारी स्टाफ की होगी। इसके अलावा किसी भी यात्रा के शुरू होने व समाप्त होने पर बसों को सैनिटाइज किया जाएगा।
15 सितंबर से पहले सेक्टर-26 में शिफ्ट होगी मंडी
कोरोना संक्रमण के चलते आईएसबीटी-17 में चलाई जा रही सब्जी मंडी को वापस सेक्टर 26 में शिफ्ट करने के आदेश जारी हो गए हैं। 15 सितंबर से पहले फल व सब्जी मंडी को शिफ्ट कर दिया जाएगा। असल में प्रशासन 16 सितंबर से चंडीगढ़ ट्रांसपोर्ट अंडरटेकिंग लंबे रूट की बसें शुरू कर रहा है। ऐसे में आईएसबीटी-17 की जरूरत पड़ेगी। बसों को सुचारु रूप से चलाने के लिए सब्जी मंडी को सेक्टर-26 में शिफ्ट करने की जरूरत है, ताकि आईएसबीटी को खाली किया जा सके। इस फैसले से व्यापारी भी खुश हैं।
यह भी देखें: हमारे यूट्यूब चैनल को सब्सक्राइब भी करें-