चंडीगढ़ के विभिन्न हिस्सों से लगातार आ रहे कोरोना के मामलों ने चंडीगढ़ प्रशासन के अधिकारियों की नींद उड़ा दी है। प्रशासन ने कोरोना वायरस के बढ़ते खतरे को देखते हुए शुक्रवार को एक बड़ा फैसला लिया है। प्रशासन ने 78 दिन बाद शुरु हुए सीटीयू की लांग रूट की बस सर्विस को तीन दिन ही चलाने के बाद एक बार फिर बंद कर दिया है। इसके साथ ही अब चंडीगढ़ में भी किसी राज्य से बस नहीं आएगी।
चंडीगढ़ प्रशासन ने शहर के साथ ही पड़ोसी राज्यों में कोरोना वारयस के बढ़ते केसों के चलते ये फैसला लिया है। आदेशानुसार दूसरे राज्यों की बसों के आने पर भी चंडीगढ़ में रोक लगा दी गई है। अभी फिलहाल 13 जून से 30 जून तक बसों के चलने पर रोक लगाई है। इस बारे में यूटी के ट्रांसपोर्ट डायरेक्टर उमा शंकर गुप्ता ने बताया कि शहर में कोरोना वायरस के बढ़ते केसों के चलते उन्होंने लांग रूट की बस सर्विस को फिर से बंद कर दिया है। अभी फिलहाल 30 जून तक इस पर रोक जारी रहेगी, जबकि लोकल और ट्राइसिटी रूट्स पर बसें फिलहाल चलती रहेंगी।
यह भी पढ़ें- शहादत से पहले जवान की आखिरी कॉल, बच्चों की फोटो देखने की थी ख्वाहिश, सैल्यूट कर मां ने दी अंतिम विदाई
लांग रूट पर सिर्फ तीन दिन ही चल पाईं बसें
प्रशासन ने 10 जून से ही सीटीयू की लांग रूट पर बसें चलानी शुरु की थी लेकिन तीन दिन बाद ही प्रशासन को इन्हें बंद करने का फैसला लेना पड़ा है। प्रशासन ने पंजाब और हरियाणा के लिए यह बसें 50 प्रतिशत सवारियों के साथ चलानी शुरु की थी। हालांकि विभाग को लांग रुट के लिए सवारियां भी नहीं मिल रही थी और अधिकतर रुट पर बसें खाली ही चल रही थी। 30 जून तक रोक लगाने के आदेश को प्रशासन की तरफ से पंजाब सरकार के प्रिंसिपल सेक्रेटरी, हरियाणा सरकार के प्रिंसिपल सेक्रेटरी व चेयरमैन एंड मैनेजिंग डायरेक्टर, हेड ऑफिस, परिवहन मार्ग राजस्थान को लेटर भेजा गया है।