चंडीगढ़ में बरसात के कारण सुखना लेक के फ्लड गेट खोले गए।
- फोटो : अमर उजाला
पिछले दो दिन से चंडीगढ़ और पहाड़ों पर हो रही बारिश से मंगलवार को सुखना लेक में जल स्तर खतरे के निशान तक पहुंच गया। इसके बाद यूटी प्रशासन ने सुखना लेक के फ्लड गेट को खोल दिए हैं। इस वर्ष ये तीसरी बार है, जब भारी बारिश की वजह से सुखना के फ्लड गेट खोले गए हैं। पानी छोड़ते ही सुखना चो लबालब हो गई और चो के साथ लगते कालोनियों में लोग दहशत में आ गए हैं।
यह भी पढ़ें - फिर बोले रावत: अब सिद्धू के समर्थन में पाक सेना प्रमुख को बताया पंजाबी भाई, मोदी पर उठाए सवाल
फ्लड गेट को खोलने से पहले प्रशासन की तरफ से आसपास के इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया गया था। प्रशासन के एक अधिकारी ने बताया कि सुखना का वाटर लेवल 1163 फुट पर पहुंच गया था, जिसके बाद एहतियात के तौर पर उन्हें पहले ही फ्लड गेट खोलने पड़े। पिछले साल जलस्तर 1163.40 फुट पर पहुंचने के बाद ही गेट खोले गए थे, जिसके चलते सुखना चो भी ओवरफ्लो हो गया था। इस कारण बलटाना के इलाकों में काफी पानी घुस गया था। यही कारण है कि इस बार प्रशासन की तरफ से पहले ही सुखना का गेट खोल दिया गया, ताकि पिछली बार जैसी स्थिति न बने।
इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारियों ने बताया कि फ्लड गेट को खोलने से पहले ही पड़ोसी राज्यों मोहाली के डीसी व पटियाला के अधिकारियों को जानकारी दी गई थी, ताकि वह पहले ही उचित कदम उठा सकें। फ्लड गेट खोलने के मौके पर इंजीनियरिंग विभाग के अधिकारी मौजूद थे। कर्मचारियों को ये सुनिश्चित करने के लिए कहा गया कि सुखना चो के आस-पास कोई न हो। इसके अलावा सुखना चो पूरी तरह से साफ हो, ताकि पानी निकासी में किसी भी प्रकार की प्रकार परेशानी का सामना न करना पड़े।