चंडीगढ़। शहर में गंभीर होती पार्किंग की स्थिति को लेकर प्रशासन अब गंभीर हो रहा है। प्रशासक के सलाहकार धर्मपाल ने आदेश दिए हैं कि सड़क किनारे व पार्कों में खड़े होने वाले वाहनों पर सख्ती बरती जाए। उन्होंने ट्रैफिक एसएसपी व नगर निगम की आयुक्त को निर्देश दिए हैं कि वे जांच करें और नियमों को तोड़ने वालों पर सख्त कार्रवाई करें। उन्होंने पार्कों में होने वाली पार्किंग को रोकने के लिए बाउंड्री वॉल बनाने व गेट लगाने के भी निर्देश दिए हैं।
प्रशासन व पार्षदों के बीच वीरवार को हुई बैठक में भी गैर कानूनी पार्किंग का मुद्दा उठा था। पार्षद मनोज सोनकर ने बैठक में कहा कि मौलीजागरां में एंट्री के पास जितने भी ग्रीन बेल्ट हैं उनको पंचकूला के लोगों ने पार्किंग बना लिया है। उन्होंने कहा कि सामने पंचकूला की राजीव कॉलोनी है और अपनी गाड़ियां चंडीगढ़ के उस ग्रीन बेल्ट में खड़ी करते हैं, जिससे पार्क की हालत काफी खराब है। इस पर नगर निगम की आयुक्त आनिंदिता मित्रा ने कहा कि पेराफेरी के सभी इलाकों के पार्कों में गाड़ियां खड़ी हो रही हैं। कहा कि वो जहां भी अवैध पार्किंग को हटाने जाती हैं, लोग धरना देने लगते हैं। इस पर सलाहकार ने कहा कि अवैध पार्किंग को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने इसे हटाने के निर्देश दिए। आनिंदिता मित्रा ने कहा कि वो जल्द ही वहां पर बाउंड्री कर गेट लगा देंगी, ताकि वहां गाड़ियां पार्क नहीं होंगी। बैठक में कहा गया कि कॉलोनियों के अंदर जितने भी छोटे पार्क हैं, उन्हें खत्म करके पार्किंग बना दिया गया है। सलाहकार ने इसे रोकने के निर्देश दिए और कहा कि इस मामले में ढील न बरती जाए।
भारी जुर्माना लगेगा तो लोगों को होगा महसूस : सलाहकार
सलाहकार धर्मपाल ने कहा कि जो भी व्यक्ति सड़क पर व गलत जगह गाड़ी खड़ी करता है, उस पर दो-तीन गुना जुर्माना लगाया जाए ताकि जब उसे जुर्माने की राशि को जमा कराना हो तो बुरा महसूस हो। एक-दो बार जुर्माना लगने के बाद व्यक्ति को खुद समझ आ जाएगी और वो कभी भूलेगा नहीं। सलाहकार ने यूरोप का उदाहरण देते हुए कहा कि वहां अगर कोई गलत जगह गाड़ी खड़ी कर जाता है तो उस पर भारी जुर्माना लगता है।