सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान करने वालों पर सेहत विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जा रही है। यहीं नहीं विभाग ने जून से लेकर अब तक करीब 200 चालान किए हैं। इन चालानों की मार्फत 20 हजार 560 रुपये जुर्माना वसूला गया है। विभाग द्वारा समय-समय पर सार्वजनिक स्थानों की पड़ताल की जा रही है।
साथ ही तंबाकू कंट्रोल एक्ट को तोड़ने वालों के खिलाफ भी विभाग द्वारा लगातार कार्रवाई की जाती है। सरकार की तरफ से दी जा रही सेहत सुविधाओं को आम लोगों तक पहुंचाने के लिए एडीसी (जनरल) पूनमदीप कौर ने जिला सेहत सोसाइटी की जिला स्तरीय मीटिंग में अधिकारियों को हिदायत भी है।
उन्होंने अधिकारियों को साफ हिदायत दी है कि जिले में तंबाकू कंट्रोल एक्ट को पूरी तरह लागू किया जाए। इसके लिए समाजसेवी संस्थाओं का सहयोग लिया जाए। सार्वजनिक स्थानों पर सिगरेट पीने एवं तंबाकू बेचने वालों के अधिक से अधिक चालान किए जाएं।
चाइल्ड ट्रैकिंग सिस्टम के अधीन मां व बच्चों का रजिस्ट्रेशन 100 फीसदी लक्ष्य पूरा किया जाए। मीटिंग में सिविल सर्जन डॉ. जेके बंसल, जिला सेहत अफसर डॉ. एचएच ओबराय, एसडीएम डेराबस्सी संजीव कुमार, जिला शिक्षा अधिकारी सेकेंडरी मेवा सिंह, जिला परिवार भलाई अफसर डॉ. बलविंदर सिंह समेत कई अधिकरी हाजिर थे।
नशेड़ियों की पहचान के लिए बनेगी कमेटियां
जिले को नशा रहित बनाने के लिए गांव स्तर पर लोगों को नशों के खिलाफ जागरूक किया जाए। साथ ही नशा करने वाले परिवारों तक पहुंचकर नशा करने वालों का डॉटा इकट्ठा किया जाए। ताकि ऐसे लोगों को नशा मुक्ति केंद्र में इलाज करवाया जा सकें। एडीसी ने कहा कि इसके लिए जिला स्तर पर कमेटियां गठित की जा रही है। कमेटियों में आशा वर्कर व आंगनबाड़ी वर्कर शामिल किए जाएंगे।