चैत्र नवरात्र का शुभारंभ 28 मार्च दिन मंगलवार से शुरू हो रहे हैं। अगर आप कलश स्थापना करने जा रहे हैं तो इस शुभ मुहूर्त में कीजिएगा। चैत्र कृष्ण अमावस्या 28 मार्च को चंडीगढ़ में सुबह 8:27 बजे समाप्त होगी और 8:28 बजे से चैत्र शुक्ल प्रतिपदा का शुभारंभ होगा। चैत्र शुक्ल एकम् को नवरात्र के प्रारंभ पर कलश स्थापना की जाती है।
यदि सूर्योदय के बाद एक मुहूर्त के लिए प्रतिपदा प्राप्त हो तो नवरात्र का प्रारंभ और कलश स्थापना उसी दिन सुबह करने की शास्त्र आज्ञा देता है। यह कहना है सेक्टर-30 के श्री महाकाली मंदिर स्थित श्री भृगु ज्योतिष केंद्र के प्रमुख पं. बीरेंद्र नारायण मिश्र का। उन्होंने कहा कि यदि एक मुहूर्त से कम प्रतिपदा हो तो अमावस्या के दिन ही प्रतिपदा मानकर नवरात्र का प्रारंभ कलश स्थापना करने का शास्त्रों का आदेश है।
देवी पुराण का वाक्य है कि यदि प्रतिपदा का क्षय हो जाए तो अमावस्या के दिन ही प्रतिपदा का नवरात्र का पहले दिन मानकर कलश स्थापना का शास्त्र निर्देश देते हैं। इस वर्ष चैत्र प्रतिपदा का क्षय है। 28 मार्च, मंगलवार के दिन नवरात्र का प्रारंभ और कलश स्थापना का मुहूर्त है। बीरेंद्र नारायण मिश्र ने बताया कि दोपहर तीन बजे से 4:30 बजे तक राहुकाल रहेगा। राहुकाल में कलश स्थापना और पूजन निषेध है।