स्वास्थ्य विभाग के अनुसार राज्य में अब तक 1.59 करोड़ लोगों के नमूनों की जांच की जा चुकी है। जिनमें लगभग 6 लाख से अधिक लोगों में संक्रमण की पुष्टि हुई है। अच्छी बात यह है कि अब राज्य के विभिन्न अस्पतालों में भर्ती 5.86 लाग स्वास्थ्य लाभ लेकर ठीक हो चुके हैं। 33 संक्रमितों को सांस लेने में परेशानी होने पर ऑक्सीजन सपोर्ट पर रखा गया है। बुधवार को पंजाब में 52 नए संक्रमित मरीज मिले हैं। सबसे अधिक होशियारपुर में 13 मामले आए हैं। मोहाली में 9, पठानकोट में 8, जालंधर में 6, फिरोजपुर-पटियाला में 4-4, अमृतसर, गुरदासपुर और मुक्तसर में 2-2 और फाजिल्का, कपूरथला में 1-1 नए संक्रमित मिले हैं।
छह दिन पहले राज्य में संक्रमण दर 0.15 प्रतिशत दर्ज की गई थी, जो अब बढ़कर 0.25 प्रतिशत पर पहुंच गई है, यानि 0.10 प्रतिशत की दर से संक्रमण में वृद्धि हुई है। राज्य के तीन जिलों मोहाली, लुधियाना और जालंधर में माइक्रो कंटेनमेंट बना दिए हैं। मोहाली में 1, लुधियाना में तीन और जालंधर में एक माइक्रो कंटेनमेंट जोन बनाया गया है।
मुक्तसर में 4.66 प्रतिशत पहुंची संक्रमण दर
पंजाब के 22 जिलों में मुक्तसर की संक्रमण दर सबसे ज्यादा 4.66 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई है। फरीदकोट में 1. 90 प्रतिशत, बठिंडा में 0.42, मोहाली में 0.38 प्रतिशत संक्रमण दर दर्ज हुई है। 10 जिले ऐसे हैं जिनमें संक्रमण दर 0 प्रतिशत रिकॉर्ड की गई है। 12 जिलों में औसतन हर रोज संक्रमित मिल रहे हैं। स्वास्थ्य विभाग भी अब संक्रमित जिलों में संक्रमण को रोकने के लिए ठोस योजना बनाने की तैयारी कर रहा है।
सूबे में संक्रमण की दर कई जिलों में जीरो पहुंच गई है। गिरती संक्रमण दर के कारण परीक्षण की दर में कमी की गई थी। हालांकि वर्तमान हालात को देखते हुए सभी डीसी को परीक्षण में तेजी लाने का निर्देश दिया गया है। ओपी सोनी, उपमुख्यमंत्री, पंजाब।