चंडीगढ़। कोरोना की तीसरी लहर को देखते हुए केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय व चंडीगढ़ प्रशासन ने एक राज्यस्तरीय टास्क फोर्स का गठन किया है। बाल चिकित्सा देखभाल के लिए बनाई गई टास्क फोर्स के कई कार्य होंगे। यह सार्वजनिक स्वास्थ्य सुविधाओं में कोविड बाल चिकित्सा देखभाल सेवाओं को मजबूत करने से संबंधित विश्लेषण, मूल्यांकन, निगरानी, समीक्षा और अन्य आवश्यक गतिविधियों के लिए जिम्मेदार होगा।
स्वास्थ्य विभाग के सचिव यशपाल गर्ग को टास्क फोर्स का चेयरमैन बनाया गया है और स्वास्थ्य विभाग की निदेशक को सदस्य सचिव बनाया गया है। टास्क फोर्स के संपूर्ण कार्य की निगरानी का कार्य सदस्य सचिव का ही होगा। इसके अलावा टास्क फोर्स में 25 सदस्य नियुक्त किए गए हैं। इसमें नगर निगम की आयुक्त, डीसी, यूटी प्रशासन के जनसंपर्क विभाग के निदेशक, समाज कल्याण विभाग की निदेशक, स्कूल शिक्षा विभाग की निदेशक, जीएमएसएच-16 के चिकित्सा अधीक्षक, पीजीआई के चिकित्सा अधीक्षक, जीएमसीएच-32 के चिकित्सा अधीक्षक, ईएसआई अस्पताल के चिकित्सा अधीक्षक, जिला परिवार कल्याण अधिकारी, एनएचएम के नोडल अधिकारी, मलेरिया विभाग के सहायक निदेशक, राष्ट्रीय किशोर स्वास्थ्य कार्यक्रम के प्रोग्राम ऑफिसर, डब्ल्यूएचओ के प्रतिनिधि, इंडियन मेडिकल एसोसिएशन के अध्यक्ष, इंडियन एकेडमी ऑफ पीडियाट्रिक्स के अध्यक्ष, सिविल अस्पताल सेक्टर-45 के सीनियर मेडिकल ऑफिसर इंचार्ज, पीजीआई के बाल चिकित्सा एचओडी, जीएमएसएच-16 के मेडिसिन एचओडी, जीएमएसएच-16 के पीडियाट्रिक्स एचओडी, जीएमएसएच-16 के आईसीयू इंचार्ज, जीएमसीएच-32 के पीडियाट्रिक्स एचओडी, जीएमसीएच-32 के मेडिसन एचओडी, जीएमसीएच-32 के आईसीयू इंचार्ज और जीएमसीएच-32 के स्कूल ऑफ नर्सिंग के प्रिंसिपल को सदस्य बनाया गया है।