आपराधिक गतिविधियों और हादसों पर पल-पल नजर रखने के लिए जल्द ही अपने शहर की प्रमुख जगहों पर 120 कैमरे लगाए जाएंगे।
पहले यह आंकड़ा 60 तक ही था, लेकिन इसे नाकाफी बताते हुए यह फेरबदल किया गया है। कैमरे लगाने के लिए पुलिस ने सर्वे पूरा कर लिया है।
अब कैमरे लगाने का काम नगर निगम करेगा। निगम का दावा है कि नए साल में फरवरी तक कैमरे लगाने का काम पूरा कर लिया जाएगा।
सीसीटीवी कैमरे के लगने से ट्रैफिक नियमों की अनदेखी करने वालों के साथ-साथ अपराधियों पर भी पैनी नजर होगी।
पहले के प्रपोजल में शहर के चौराहे, गोल चक्करों और ट्रैफिक लाइट प्वाइंट्स पर सीसीटीवी कैमरे लगाने का प्रपोजल था। यह प्रपोजल हाईकमान के पास गया तो उस पर आपत्ति दर्ज हो गई।
हाईकमान से शहर की मार्केट्स को भी कैमरे से लैस करने को कहा। लिहाजा, अब संख्या दोगुनी हो गई है।
पिछले महीनों के दौरान हुए हादसों और आपराधिक वारदात के मद्देनजर प्रशासन और पुलिस की ओर से सीसीटीवी कैमरे लगाने का फैसला लिया गया है। शहरवासी भी इसकी लंबे समय से मांग कर रहे थे।
यहां लगेंगे कैमरे
- चंडीगढ़, जीरकपुर और हिमाचल के एंट्री प्वाइंट्स पर
- माजरी चौक, मोरनी टी-प्वाइंट, कोट गांव के टी-प्वाइंट और बरवाला एंट्री प्वाइंट पर
- शहर के सभी ट्रैफिक लाइट प्वाइंट और चौराहों पर
- सेक्टर-8, 9, 10, 11 व एमडीसी की मार्केट में
नगर निगम के कार्यकारी अधिकारी ओपी सिहाग पहले शहर के प्रमुख राउंड अबाउट्स, लाइट प्वाइंट पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाने थे। अब मार्केट्स को भी प्रपोजल में शामिल किया गया है। जल्द ही सीसीटीवी लगाने के लिए कंपनी से बातचीत कर टेंडर जारी किया जाएगा।