सीबीएसई की तरफ से 10वीं और 12वीं की प्रयोगात्मक परीक्षाएं 15 जनवरी से शुरू हो चुकी हैं जबकि थ्योरी परीक्षाएं सैद्धांतिक रूप से 15 फरवरी से शुरू हो रही हैं। 12वीं वोकेशनल कोर्स की परीक्षा 15 फरवरी से, 10वीं के वोकेशनल कोर्स की परीक्षा 21 फरवरी से शुरू होंगी। इसके बाद मुख्य विषयों की परीक्षा 12वीं की दो मार्च और 10वीं की तीन मार्च से शुरू होगी। बोर्ड परीक्षार्थियों के लिए सुबह 10 बजकर 30 मिनट से दोपहर 1 बजकर 30 मिनट तक परीक्षाओं का आयोजन किया जाएगा।
परीक्षा पर नजर रखने को रहेंगे आब्जर्वर
प्रैक्टिकल की तरह सैद्धांतिक परीक्षा में भी बोर्ड ने आर्ब्जवर की टीम बनाई है। हर सेंटर पर ऑब्जर्वर तैनात रहेंगे। यह टीम रोज किसी भी केंद्र का औचक निरीक्षण करेगी। इस दौरान किसी तरह की गड़बड़ी मिलने पर सूचना तुरंत बोर्ड को दी जाएगी।
सेंटर लोकेटर एप बनेगा मददगार
इसके साथ ही बोर्ड ने सेंटर लोकेटर एप जारी किया है। अभिभावक इसको मोबाइल में डाउनलोड कर सकते हैं। इसके बाद उनको सेंटर ढूंढने में कोई परेशानी भी नहीं होगी। जब टीम संबंधित प्रिंसिपल पेपर एकत्रित करेगी तो उसका फोटो इस एप पर अपलोड कर बोर्ड को भेजना होगा। बोर्ड के मुताबिक सभी केंद्रों को जिओ मैपिंग से टैग कर दिया गया है, ताकि परीक्षार्थी आसानी से केंद्र ढूंढ सकें। एडमिट कार्ड (प्रवेश पत्र) में लिखे केंद्र के नाम को जिओ मैपिंग में डालते ही उसका रास्ता पता चल जाएगा।
ऑनलाइन होगी मॉनिटरिंग
बोर्ड ने इस बार सभी केंद्राधीक्षक के मोबाइल को जिओ मैपिंग से जोड़ा है। परीक्षा शुरू होने के दो घंटे पहले सभी केंद्राधीक्षक के मोबाइल को ऑनलाइन जोड़ा जाएगा। इससे बोर्ड हेडक्वार्टर से ही सारे केंद्रों से ऑनलाइन जुड़ जायेगा। कितने बजे प्रश्न पत्र खोला गया, उत्तर पुस्तिका कितने बजे दी गई। ये तमाम जानकारी बोर्ड को ऑनलाइन प्राप्त होती रहेगी।
परीक्षा हाल में कैल्कुलेटर ले जा सकेंगे ये स्टूडेंट्स
सीबीएसई ने शारीरिक रूप से विशेष अक्षम वर्ग के छात्रों को परीक्षा के दौरान सिंपल बेसिक कैल्कुलेटर इस्तेमाल करने की छूट दी गई है। यह सुविधा सिर्फ उन्हीं छात्रों को दी जाएगी जो पहले से ही इस कैटेगरी के तहत रजिस्टर्ड हैं।
तीन विषय का प्रश्न पत्र आयेगा एक साथ
इस बार सारे विषयों के प्रश्न पत्र एक साथ नहीं भेजे जाएंगे। एक बार में तीन विषयों के प्रश्न पत्र आएंगे। परीक्षा के लगभग दस दिन पहले प्रश्न पत्र भेजा जाएगा। ज्ञात हो कि अभी तक सारे विषयों के प्रश्न एक बार भेज दिये जाते थे।
परीक्षाओं को लेकर सभी स्टूडेंट्स कड़ी मेहनत से परीक्षा की तैयारी करने में लगे हैं। अगर आप भी सीबीएसई बोर्ड 10वीं परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं तो एक बार इन टिप्स के बारे में जरूर जान लें।
गलतियों पर ध्यान दें
अधिकतर स्टूडेंट्स नर्वसनेस और तनाव के कारण परीक्षा देते समय काफी गलतियां करते हैं। इसलिए कोशिश करें कि तनाव न लें और जो भी लिखें उसे अच्छे से पढ़ लें। इससे आपको अपनी गलती दिख सकती है।
सब्जेक्ट टीचर से करें बात
अगर आपको परीक्षा से लेकर कोई समस्या है तो आप अपने सब्जेक्ट टीचर से जरूर बात करें। उनसे सुझाव लें और अपने में सुधार करें।
परीक्षा में अच्छे से उत्तर लिखें
आपकी अच्छी लिखावट और सही उत्तर आपको अच्छे अंक दिला सकता है। इसके अलावा उत्तर लिखने का तरीका और सबहेड और अंडरलाइन करके लिखने से आपको परीक्षा में अच्छे अंक मिल सकते हैं।
परीक्षा में जाते ही घबराएं नहीं
अक्सर परीक्षा में प्रश्न पत्र देखकर स्टूडेंट्स घबरा जाते हैं, उनको लगता है कि उन्हें इसमें से कुछ नहीं आता है। इसलिए कोशिश करें कि ज्यादा अंक वाले सवाल पहले करें खासकर जिनसे 33 अंक तक आ जाएं, इससे आपको यह भरोसा हो जाएगा कि आप फेल नहीं होंगे। इसके बाद आप बाकी के सवाल बिना किसी टेंशन के सही और बिना घबराए कर सकेंगे।
अभी तक बोर्ड ने परीक्षा में कैलकुलेटर, नकल से जुड़ी कोई सामग्री, मोबाइल फोन और ईयरफोन पर भी पाबंदी लगाई थी। लेकिन इस बार बोर्ड ने स्मार्ट घड़ी या डिजिटल घड़ी पर प्रतिबंध लगा दिया है। बोर्ड ने परीक्षा से जुड़ी गाइडलाइन को 16 बिंदुओं में जारी की है। नकल रहित परीक्षा आयोजित कराने के लिए सीसीटीवी कैमरों से निगरानी भी होगी। सबिता चौधरी, परीक्षा नियंत्रक, सीबीएसई।