सिप्पी के भाई का आरोप: चंडीगढ़ पुलिस ने नहीं किया अपना काम
सिप्पी हत्याकांड में उनके भाई वकील जसमनप्रीत उर्फ जिप्पी सिद्धू शिकायतकर्ता हैं। उन्होंने बताया कि वह पहले दिन से ही बोल रहे हैं कि कल्याणी सिंह ने सिप्पी की हत्या की है। अगर पुलिस गंभीरता से केस की जांच करती तो पहले ही दूध का दूध और पानी का पानी हो जाता लेकिन उन्होंने ठीक से काम नहीं किया।
उन्होंने आरोप लगाया कि कल्याणी की मां और पिता भी हत्या में शामिल हैं। वह कल्याणी के परिवार को बचपन से जानते थे। कल्याणी सिप्पी के साथ शादी करना चाहती थी। शादी के लिए मना किया तो उसने सिप्पी की हत्या कर दी। जिप्पी ने कहा कि सिप्पी को गोलियां कल्याणी और एक अन्य व्यक्ति ने मारी हैं। इस हत्या में दो से तीन लोग शामिल हैं।
चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया से करेंगे कल्याणी की मां की शिकायत: जिप्पी
जिप्पी सिद्धू ने बताया कि उनके दादा भी जज थे। पिता एसएस सिद्धू एडिशनल एडवोकेट जनरल पंजाब रहे हैं। जिप्पी ने कहा वह कल्याणी की मां के खिलाफ चीफ जस्टिस ऑफ इंडिया और कानून मंत्रालय को शिकायत देंगे। आरोप लगाया कि कल्याणी की मां ने बेटी को जानबूझकर पनाह दी।