नवजात को चंडीगढ़ में बेचने के मामले में सेक्टर-31 थाना पुलिस ने नया खुलासा किया है। बीते 4 अगस्त को बच्चा चोरी करने वाले गिरोह की निशानदेही पर सेक्टर-40 से 11 दिन की बरामद बच्ची की मां ने पुलिस को बताया कि उसने 23 जुलाई को मुक्तसर के एक अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया था। उसके करीब 10 दिन बाद बच्ची को आशा वर्कर सरबजीत को गोद दे दिया था।
वहीं, मालेरकोटला और मुक्तसर के बच्चों के परिजनों के ड्यूटी मजिस्ट्रेट के समक्ष 164 के बयान दर्ज किए गए हैं। इनमें मुक्तसर की 11 दिन की बच्ची के पिता का बयान दर्ज किया गया है, जबकि मालेरकोटला के नवजात के माता-पिता दोनों का बयान दर्ज किया गया है। उधर, दोनों परिवारों का डीएनए जांच के लिए सैंपल लिया गया है। पुलिस यह जानना चाहती है कि कहीं ये लोग झूठ तो नहीं बोल रहे हैं।
मुक्तसर महिला ने बताया कि उसे पहले से ही 3 बेटियां हैं। गर्भवती होने के दौरान सरबजीत उसकी देखभाल करती रहती थी। सरबजीत ने कहा था कि उसकी बहन की गोद सूनी है। इसके चलते उसने बच्ची को सरबजीत को दे दिया। वहीं, पुलिस मामले के हर पहलुओं को देख रही है।
इसकी भी जांच चल रही है कि कहीं महिला पुलिस को गुमराह तो नहीं कर रही है। पुलिस ने मुक्तसर के अस्पताल का रिकॉर्ड खंगालकर डॉक्टरों से पूछताछ की, लेकिन पुलिस जांच में ऐसा कोई और सुराग नहीं मिला, जिससे मामले में कोई और बड़ा खुलासा हो सके।
चंडीगढ़ पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के बाद उनकी निशानदेही पर 4 अगस्त को सेक्टर-40 से 11 दिन की बच्ची बरामद की थी। आरोपियों ने बच्ची को एक लाख में बेचा था। पुलिस बच्ची को खरीदने वाले व्यक्ति को भी गिरफ्तार कर सकती है। वहीं, दूसरी ओर एएसपी नेहा यादव की अगुवाई में बनी एसआईटी ने भी जांच शुरू कर दी है।
बीते दिन नवजात बच्चे की मां ने पुलिस को बताया था कि एक अगस्त को मालेरकोटला के एक अस्पताल में उसने जुड़वा बच्चों को जन्म दिया था, जिनमें एक की मौत हो गई थी, जबकि दूसरे बच्चे को तीन अगस्त को अस्पताल से छुट्टी वाले दिन आशा वर्कर सरबजीत ने कमजोर बताकर अस्पताल में जांच कराने के बहाने नवजात को लेकर फरार हो गई थी।
यह है मामला
बीते सोमवार को पुलिस ने एयरपोर्ट लाइट प्वाइंट के पास से चंडीगढ़ में नवजात को बेचने आ रही ऑल्टो कार में सवार 3 महिलाओं समेत पांच लोगों को गिरफ्तार किया था, जिसमें एक पंजाब पुलिस का कांस्टेबल भी शामिल था। पुलिस जांच में आरोपी चार लाख में नवजात को बेचने के फिराक में थे। पूछताछ में खुलासा हुआ था कि बीते सप्ताह सेक्टर-40 में भी एक और नवजात को एक लाख में बेचा था। सभी आरोपी सात सात दिन के पुलिस रिमांड पर हैं।