संवाद न्यूज एजेंसी
लुधियाना। डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पोस्ट डालकर युवाओं को ऑनलाइन जुआ ग्रुपों से जोड़ने और जुआ गतिविधियां संचालित करने वाले युवक के खिलाफ कमिश्नरेट पुलिस के साइबर सेल थाने ने मामला दर्ज किया है। आरोपी की पहचान सैलेश के रूप में हुई है, जो मोबाइल नंबर और टेलीग्राम अकाउंट के जरिए लोगों को जुआ ग्रुपों से जुड़ने के लिए उकसाता था।
पुलिस के अनुसार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर तीन फरवरी को एक पोस्ट का संज्ञान लिया गया था। यह पोस्ट इंडियान्यूज9 डिजिटल न्यूज चैनल इंडियान्यूस965893 नामक अकाउंट से अपलोड की गई थी जिसमें बिग डैडी कैसीनो नामक ऑनलाइन जुआ प्लेटफॉर्म चलाए जाने का खुलासा किया गया था। जांच में सामने आया कि सैलेश अपने मोबाइल नंबर का इस्तेमाल कर टेलीग्राम के माध्यम से लोगों को ऑनलाइन जुए में शामिल कर रहा था। सूचना की पुष्टि के बाद साइबर सेल ने तुरंत कार्रवाई करते हुए आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपी की तलाश की जा रही है और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर लिया जाएगा। मामले की जांच जारी है।