अमर उजाला ब्यूरो
मानसा। बरनाला–सिरसा मुख्य मार्ग पर मूस्सा चुंगी के नजदीक वीरवार शाम एक दर्दनाक सड़क हादसे में मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई। तेज रफ्तार अज्ञात ट्राले ने पीछे से टक्कर मार दी, जिससे युवक ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन सहित भाग गया।
मृतक की पहचान टहला सिंह (40) निवासी वार्ड नंबर 25, मानसा के रूप में हुई है। वह एक पैलेस में कार्यरत था और ड्यूटी समाप्त कर मोटरसाइकिल से घर लौट रहा था। मूस्सा चुंगी के पास पीछे से आए ट्राले ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टहला सिंह की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे की सूचना मिलते ही थाना सिटी-1 मानसा की पुलिस टीम मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू की। पुलिस ने अज्ञात ट्राला चालक के खिलाफ मामला दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है। टहला सिंह अपने पीछे बुजुर्ग माता-पिता, पत्नी और दो छोटे बच्चों को छोड़ गया है। हादसे से परिवार और इलाके में शोक की लहर है। परिजनों ने प्रशासन से आरोपी चालक को जल्द गिरफ्तार कर सख्त कार्रवाई की मांग की है।