पंजाब में पठानकोट के सुजानपुर में मंगलवार शाम हथियारों से लैस तीन लोगों ने एक व्यक्ति की कार छीन ली। जानकारी के मुताबिक छीनी गई कार फोर्ड फिएस्टा है। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस ने वारदात स्थल पर पहुंचकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
यह घटना यहां से करीब सात किलोमीटर दूर हुई। अब तक बदमाशों की पहचान नहीं हो पाई है। गौरतलब है कि पठानकोट एयरबेस पर हुए आतंकी हमला करने वाले पाक आतंकियों ने पहले गुरदासपुर के पुलिस अधिकारी की कार अगवा कर ली थी जिससे वे एयरबेस के पास तक पहुंचे थे।
सूचना मिलते ही सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हुईं
कार हाईजैक करना
- फोटो : डेमो फोटो
उधर, कार अगवा करने की सूचना मिलने के बाद सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। जम्मू-कश्मीर की सीमा से सटे इलाके को पूरी तरह अलर्ट कर दिया गया है।
सूत्रों से प्राप्त जानकारी के अनुसार ऐसी सूचना मिली थी कि फोर्ड फिस्टा पंजाब नंबर के वाहन को सरना बाईपास के पास कुछ संदिग्ध लोगों ने गन प्वाइंट पर हाईजैक कर लिया है।
हालांकि, बताया जा रहा है कि संदिग्ध लोगों को स्थानीय माफिया से जोड़कर भी देखा जा रहा है, लेकिन पठानकोट एयरबेस पर आतंकी हमले के दौरान भी इसी तरह की घटना सामने आई थी, जिसे देखते हुए सुरक्षा एजेंसियां कोई कोताही नहीं बरतना चाहती हैं। सभी एंट्री प्वाइंट पर सुरक्षा पहरा कड़ा करने के साथ ही जांच की जा रही है।