नहर से निकाली गई कार में मिले चार लोगों के शव
- फोटो : अमर उजाला
सोनीपत के गांव महलाना के पास शनिवार सुबह अनियंत्रित होकर एक कार पश्चिमी यमुना नहर में जा गिरी। हादसे में कार सवार पति-पत्नी और उनके बेटा-बेटी की मौत हो गई। ग्रामीणों ने कार नहर में गिरी देखी तो पुलिस को सूचित किया। इसके बाद पुलिस ने ग्रामीणों और क्रेन की मदद से कार को बाहर निकाला।
चारों बहादुरगढ़ स्थित रिश्तेदार के यहां जा रहे थे, लेकिन वहां पहुंचने से पहले हादसा हो गया। मरने वालों की पहचान गोहाना निवासी विजयपाल और उनकी पत्नी, बेटे और बेटी के रूप में हुई है। विजयपाल गोहाना में कार सेल-परचेज का काम करते थे।
गांव महलाना के प्रदीप व अन्य ग्रामीण सुबह गांव पश्चिमी यमुना नहर की तरफ घूमने गए थे। इसी दौरान प्रदीप को नहर में एक कार दिखाई पड़ी तो उसने ग्रामीणों को बताया। फिर इसकी सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने क्रेन और ग्रामीणों की मदद से काफी मशक्कत के बाद कार को बाहर निकाला।
कार में महिला-पुरुष और लड़का-लड़की के शव थे। कार के नंबर के आधार पर शनाख्त की गई तो पता चला हादसे का शिकार हुए लोग एक ही परिवार के हैं। उनकी पहचान मूलरूप से गांव मिर्जाखेड़ी फिलहाल गोहाना की चोपड़ा कॉलोनी निवासी विजयपाल (42), उनकी पत्नी संध्या (37), बेटे हर्ष उर्फ मोनू (17) और बेटी निकिता उर्फ मोनी (15) के रूप में हुई। सूचना मिलने के बाद परिजन अस्पताल पहुंचे।
विजयपाल के भाई चंद्रपाल ने बताया कि परिवार के चारों सदस्य शुक्रवार दोपहर तीन बजे बहादुरगढ़ में रिश्तेदारों के पास जाने की बात कह कर निकले थे। सुबह उन्हें उनकी कार के नहर में गिरने की सूचना मिली। आशंका है कि बहादुरगढ़ जाने के दौरान परिवार हादसे का शिकार हो गया। परिवार में अब विजयपाल का छोटा भाई चंद्रपाल व मां कृष्णा ही बची हैं। पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिए हैं। सदर थाना प्रभारी मंदीप ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है।