प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह ने बादलों को अपने से उनकी प्रॉपर्टी बदलने की चुनौती दी है। साथ ही लोगों को लूटने के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि अगर बादलों के पूरे एम्पायर का आकलन किया जाए तो आज के महाराजा वही निकलेंगे। कैप्टन ने कहा कि उनकी साढ़े तीन सौ साल की विरासत है। जबकि, बादलों ने पिछले दस सालों में लोगों के पैसों से करोड़ों की प्रॉपर्टी बनाई हैं।
उन्होंने कुछ साल पहले भी बादलों को प्रॉपर्टी बदलने का प्रस्ताव दिया था, अब वह फिर यह चुनौती देते हैं। कैप्टन ने कहा कि पिछले दस सालों में बादलों की संपत्ति कई गुना बढ़ गई है। सीएम प्रकाश सिंह बादल द्वारा उनकी सियासी जड़ों को लेकर की गई टिप्पणी पर प्रतिक्रिया जताते हुए कैप्टन ने कहा कि उनकी छोटी सी पैतृक विरासत बादलों की अकूत संपत्ति के आगे कुछ नहीं है।
पंजाब में पिछले दस सालों के शासन में वह बेहद अमीर बन गए हैं। उनकी घरेलू प्रॉपर्टी से लेकर करोड़ों के हॉस्पिटैलिटी, मीडिया, ट्रांसपोर्ट कारोबार हैं। पिछले दस सालों में बादलों के कारोबार में कई गुना की बढ़ोतरी हुई है। जिसमें ऑर्बिट रिसॉर्ट, कई ट्रांसपोर्ट कंपनियां, मीडिया कंपनियां शामिल हैं। हाल ही में इसमें सुखविलास रिसॉर्ट जुड़ा है, जिसमें ज्यादातर शेयर सुखबीर बादल और उनकी पत्नी के हैं।
कैप्टन ने कहा कि बादलों की यह तरक्की, पंजाब के विकास और तरक्की की कीमत पर हुई है। कैप्टन ने बादल के आरोपों का खारिज किया कि उनका निचले स्तर पर लोगों के साथ कोई संपर्क नहीं है। उन्होंने कहा कि अगर ऐस होता तो वह विधानसभा और लोक सभा के लिए सात बार न चुने जाते। वहीं, प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने भी कैप्टन का बचाव करते हुए बादल पर हमला बोला।
लाल सिंह व राणा गुरमीत सोढी ने कहा कि कैप्टन को यह सब विरासत में मिला है। जबकि, बादलों ने लोगों का पैसा लूट कर यह संपत्ति बनाई है। लोगों में कैप्टन की लोकप्रियता रैलियों और कैंपेन में देखी जा सकती है। उन्होंने कहा कि बादल विकास के नाम पर लोगों को गुमराह कर रहे हैं।