पंजाब प्रदेश कांग्रेस प्रधान कैप्टन अमरिंदर सिंह
- फोटो : फाइल फोटो
आम आदमी पार्टी के नेशनल कन्वीनर सीएम अरविंद केजरीवाल के लुभावने वायदों पर कैप्टन अमरिंदर सिंह ने तीखी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। कैप्टन ने कहा कि राज्य में कर्ज माफी संभव है। खराब आर्थिक हालात के बावजूद सरकार संसाधन जुटा सकती है। केंद्र सरकार ने पिछले दो सालों में क्रूड ऑयल आयात पर ही तीन लाख करोड़ रुपये बचाए हैं।
केंद्र से पंजाब का बोझ सहने की मांग की जा सकती है क्योंकि पंजाब के किसानों ने एक समय देश के लिए बहुत कुछ किया, आज देश की बारी है। कांग्रेस इस मुद्दे पर विधानसभा सत्र के दौरान प्राइवेट मेंबर बिल भी लाएगी। कैप्टन ने कहा कि पंजाब और पंजाबियों के हितों की अनदेखी के लिए बादल जिम्मेदार हैं। बादल ने हमेशा पंथक और पंजाबी भावनाओं का इस्तेमाल अपने हितों के लिए किया। पंजाब को तोड़ने के लिए भी बादल ही जिम्मेदार हैं।
कैप्टन ने कहा कि ड्रग रैकेट में केंद्रीय वित्तमंत्री अरुण जेटली किसी को बचाना चाहते हैं। तभी जांच की गति धीमी हो गई है। कांग्रेस की सरकार बनते ही जांच की गति तेज की जाएगी। उन्होंने कहा कि केजरीवाल की ओर से सेवा में रहते हुए अपनी एनजीओ के लिए फोर्ड फाउंडेशन से चंदा लेने के मामले की जांच होनी चाहिए। इसके साथ ही आप विधायक देवेंद्र सहरावत की ओर से लगाए शारीरिक शोषण के आरोपों की भी जांच की जानी चाहिए।