पंजाब में किसानों की ओर से भाजपा उम्मीदवारों के लगातार हो रहे विरोध के मद्देनजर अब प्रचार की कमान संभालने के लिए पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह मैदान में उतरने जा रहे हैं।
कैप्टन केवल अपनी पत्नी व सांसद परनीत कौर के लिए पटियाला हलके में ही नहीं, बल्कि पंजाब में और भी कई सीटों पर प्रचार करेंगे। इनमें खास तौर से अमृतसर, फिरोजपुर, गुरदासपुर, लुधियाना, संगरूर, फरीदकोट व जालंधर की सीटें शामिल रहेंगी। इस दौरान कैप्टन का डेरा पटियाला में उनकी रिहायश मोती महल में रहेगा।
लोकसभा चुनावों के लिए पंजाब में जब से प्रचार शुरू हुआ है, तब से भाजपा के प्रत्याशियों को लगातार किसानों के विरोध का सामना करना पड़ रहा है। फिर चाहे वह कैप्टन की पत्नी परनीत कौर हों या फिर अमृतसर से भाजपा के उम्मीदवार तरनजीत सिंह संधू, फरीदकोट से हंसराज हंस, गुरदासपुर सीट से दिनेश सिंह बब्बू हों या फिर संगरूर से अरविंद खन्ना। इससे प्रत्याशियों के चुनाव प्रचार में बाधा आ रही है। इस विरोध के चलते भाजपा को चुनावों में नुकसान न झेलना पड़े, इसके मद्देनजर कैप्टन अब खुद मैदान में उतरने जा रहे हैं।
12 मई को पटियाला आएंगे कैप्टन
कैप्टन 12 मई को पटियाला आ रहे हैं। 13 मई को परनीत कौर के नामांकन पत्र दाखिल करने के मौके पर वह उनके साथ मौजूद रहेंगे। कैप्टन 15 दिन तक मोती महल में डेरा डालेंगे और यहीं से पंजाब की विभिन्न सीटों का दौरा करेंगे। लेकिन उनका रात का स्टे मोती महल में ही रहेगा। इस दौरान कैप्टन पटियाला लोकसभा सीट के विभिन्न विधानसभा हलकों में रैलियां करेंगे, जबकि अब तक कैप्टन चुनावों में पटियाला में एक-दो बड़ी रैलियां ही करते थे।
इसके साथ ही वह अमृतसर, फिरोजपुर, गुरदासपुर, संगरूर, लुधियाना, फरीदकोट व जालंधर की सीटों पर भी प्रचार करेंगे। दरअसल फिरोजपुर से भाजपा के प्रत्याशी राणा गुरमीत सिंह सोढ़ी पूर्व सीएम कैप्टन के काफी करीबी माने जाते हैं। वह कैप्टन सरकार में खेल मंत्री भी रह चुके हैं। इसी तरह से संगरूर से उम्मीदवार अरविंद खन्ना भी मोती महल के काफी नजदीक हैं।
चर्चा है कि कैप्टन धड़े से होने के चलते दोनों को टिकटें मिली हैं। ऐसे में कैप्टन फिरोजपुर व संगरूर सीटों पर भी प्रचार करेंगे। वहीं अमृतसर से कैप्टन अमरिंदर सिंह सांसद भी रह चुके हैं। इसलिए भाजपा के उम्मीदवार तरनजीत सिंह संधू के हक में कैप्टन अब वोट मांगेंगे। सिद्धू के साथ मिलकर कैप्टन के खिलाफ मोर्चा खोलने वाले कांग्रेस के सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत अकाली दल के डा. दलजीत सिंह चीमा को कड़ी टक्कर देने के लिए पूर्व सीएम इस सीट से भी प्रचार करेंगे। यहां से भाजपा ने दिनेश सिंह बब्बू को टिकट दी है।
पंजाब भाजपा के प्रवक्ता प्रितपाल सिंह बलिएवाल ने कैप्टन के 12 मई को पटियाला पहुंचने और फिर 15 दिन तक मोती महल में डेरा डालने की पुष्टि करते कहा कि पूर्व सीएम पटियाला समेत पंजाब की सात से आठ सीटों पर प्रचार करेंगे। जल्द ही उनके प्रोग्रामों का शेड्यूल जारी किया जाएगा। लुधियाना से रवनीत सिंह बिट्टू, फरीदकोट से हंस राज हंस के अलावा अमृतसर, फिरोजपुर, गुरदासपुर, संगरूर, जालंधर से कैप्टन प्रचार करेंगे। हर सीट पर रैलियां कराई जाएंगी।