नवजोत सिद्धू पर कैप्टन की तल्खी कम नहीं हो रही। उन्होंने सिद्धू को फ्रॉड बताते हुए कहा कि आप मेरी 15 साल पुरानी फसल विविधीकरण पहल को कृषि कानूनों से जोड़ने की कोशिश कर रहे हैं, जिसके खिलाफ मैं अब भी लड़ रहा हूं और जिसके साथ मैंने अपना राजनीतिक भविष्य जोड़ा है।
उन्होंने कहा कि सिद्धू पंजाब और उसके किसानों के हितों के बारे में अनजान हैं। वे विविधीकरण और कृषि कानूनों के बीच अंतर नहीं जानते हैं। और फिर भी पंजाब का नेतृत्व करने का सपना देखते हैं। अगर ऐसा कभी होता है तो यह भयानक होगा। यह हास्यास्पद है कि सिद्धू ने ऐसे वक्त में इस वीडियो को शेयर किया है जबकि पंजाब सरकार अपने आगामी प्रोग्रेसिव पंजाब इन्वेस्टर्स समिट को बढ़ावा देने के लिए हर संभव प्रयास कर रही है।
पंजाब कांग्रेस के प्रधान नवजोत सिंह सिद्धू ने गुरुवार को पूर्व सीएम कैप्टन अमरिंदर सिंह एक वीडियो शेयर करते हुए ट्वीट किया था कि तीन काले कानूनों के निर्माता, जो अंबानी को पंजाब की किसानी में लाए, जिन्होंने पंजाब के किसानों, छोटे व्यापारियों और श्रमिकों को नष्ट कर दिया। कैप्टन ने इसी ट्वीट का जवाब दिया है।