पंजाब के मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने केंद्र सरकार से किसानों के वर्तमान संकट को जल्द से जल्द हल करने का आग्रह किया है। दिल्ली में गुरुवार को केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद मीडिया से बात करते हुए कैप्टन ने कहा कि उन्होंने गृहमंत्री को अपने सुझाव दिए हैं और उनसे संकट को हल करने के लिए युद्धस्तर पर कदम उठाने का आग्रह किया है।
इसके साथ ही उन्होंने किसानों से मसला हल होते ही दिल्ली सीमा पर से आंदोलन समाप्त करने का आग्रह किया है, क्योंकि यह पंजाब के हितों को नुकसान पहुंचा रहा है। साथ ही राष्ट्रीय सुरक्षा के लिए भी खतरा पैदा कर रहा है। आंदोलन के मसले का जल्द हल करने की जरूरत पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने केंद्रीय गृहमंत्री अमित शाह के साथ बैठक के दौरान उन्हें यह सुनिश्चित करने का आग्रह किया कि भारत सरकार किसानों की चिंताओं को दूर करे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि वे और उनकी सरकार किसी भी तरह से मध्यस्थता में शामिल नहीं हैं। केंद्र और किसानों के बीच इस मामले को सुलझाना चाहिए। एमएसपी (न्यूनतम समर्थन मूल्य) की रक्षा करने और एपीएमसी आधारित मंडी प्रणाली को जारी रखने की आवश्यकता पर जोर देते हुए मुख्यमंत्री ने शाह से आग्रह किया कि वे जल्दी से हल निकालने के लिए किसानों को सुनें ताकि पंजाब और अन्य राज्यों के किसान, जिनमें बड़ी संख्या में महिलाएं शामिल हैं, अपने घरों को लौट सकें।