सोनिया गांधी व अन्य के साथ अरूसा आलम की तस्वीर।
- फोटो : अमर उजाला
पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने अपनी पाकिस्तानी महिला मित्र अरूसा आलम की सोनिया गांधी के साथ फोटो साझा की। इसके बाद उपमुख्यमंत्री सुखजिंदर सिंह रंधावा समेत तमाम कांग्रेस नेताओं ने इस मुद्दे पर कई दिनों से चुप्पी साध ली। लेकिन कैप्टन अपनी मित्र पर लगाए गए गंभीर आरोपों से इतने नाराज हैं कि उन्होंने सोमवार को देश की नामी हस्तियों के साथ अरूसा आलम के 14 फोटो ट्विटर पर शेयर करते हुए सवाल किया है कि अरूसा के साथ दिखाई दे रहे क्या इन हस्तियों के भी आईएसआई से संबंध रहे हैं।
कैप्टन ने अरूसा का बचाव करते हुए अपने विरोधियों पर खुलकर हमला किया। उन्होंने जिन 14 हस्तियों के साथ अरूसा के फोटो शेयर किए हैं, उनमें कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी, यूपी के पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव, पूर्व सपा नेता अमर सिंह, पूर्व विदेश मंत्री सुषमा स्वराज, पूर्व वित्त मंत्री यशवंत सिन्हा, पूर्व कानून मंत्री अश्विनी कुमार, अभिनेता शत्रुघ्न सिन्हा, बॉलीवुड स्टार दिलीप कुमार, फिल्म निर्माता-निर्देशक महेश भट्ट, भारत के पूर्व कमांडर जनरल अरोड़ा (जिन्होंने बांग्लादेश युद्ध में सेना का नेतृत्व किया था), पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त रहे जेएन दीक्षित, पाकिस्तान में भारतीय उच्चायुक्त रहे शिव शंकर मेनन, पंजाब के पूर्व राज्यपाल जनरल रोड्रिग्स, भारत के विदेश सचिव रहे शाम सरन शामिल हैं।
साथ ही कैप्टन ने उपमुख्यमंत्री रंधावा पर भी तंज कसा कि ‘मैं अरूसा आलम की विभिन्न शख्सियतों के साथ फोटो की सीरीज साझा कर रहा हूं। मुझे लगता है कि यह सब भी आईएसआई के एजेंट हैं। उल्लेखनीय है कि रंधावा ने हाल ही में अरूसा आलम के पाक खुफिया एजेंसी आईएसआई से संबंधों का आरोप लगाते हुए पंजाब पुलिस को जांच के आदेश जारी कर दिए थे। सोमवार को कैप्टन ने 14 फोटो शेयर करते हुए लिखा- आईएसआई एजेंट कहने वालों को बोलने से पहले सोच लेना चाहिए।