आरटीपीसीआर रिपोर्ट न होने पर परीक्षा से रोके जाने पर अभ्यर्थियों का हंगामा।
- फोटो : अमर उजाला
चंडीगढ़ में हाईकोर्ट में चालकों की भर्ती के लिए रविवार को अलग-अलग प्रदेशों से लोग पहुंचे थे। इस दौरान सेक्टर 47 स्थित माउंट कार्मल स्कूल में स्थित परीक्षा केंद्र पर परीक्षकों ने अभ्यर्थियों को रोक दिया। उनका कहना था कि अभ्यर्थियों को दोनों वैक्सीन का सर्टिफिकेट या 72 घंटे पहले की आरटीपीआर रिपोर्ट साथ लानी थी।
वहीं अभ्यर्थियों का कहना था कि 17 सितंबर को सूचना मिली थी, फिर कैसे आरटीपीसीआर रिपोर्ट लेकर आते। काफी सारे अभ्यर्थियों को परीक्षा केंद्र में न जाने देने पर हंगामा शुरू हो गया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि चालकों की भर्ती के लिए हिमाचल, मध्यप्रदेश, उत्तरप्रदेश, पंजाब, हरियाणा सहित कई राज्यों से अभ्यर्थी पहुंचे थे। सुबह 7 बजे ही अभ्यर्थी अपने परिजनों के साथ सेंटर पर पहुंच गए।
9 बजे से केंद्र के बाहर अभ्यर्थियों की पंक्ति लग गई। इस दौरान सूचना दी गई कि जिन लोगों के पास दोनों वैक्सीन का सर्टिफिकेट या 72 घंटे पहले की आरटीपीआर रिपोर्ट नहीं है उन्हें प्रवेश नहीं दिया जाएगा। यह सुनते ही हंगामा शुरू हो गया। मौके पर मौजूद परीक्षकों ने अभ्यर्थियों व उनके परिजनों को काफी समझाया, लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ। परिजनों ने कहा कि गलती आपकी है और इसका भुगतान हम क्यों करें।