पंजाब विश्वविद्यालय में चल रहे रोज फेस्टिवल के दूसरे दिन भी कई कार्यक्रम हुए। दिनभर विद्यार्थियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। वहीं, पीयू के ही पर्यावरण अध्ययन विभाग ने जागरूकता का पाठ पढ़ाया। यहां लगाए गए स्टॉल के जरिए लोगों को वायु प्रदूषण के प्रति जागरूक किया गया।
इस दौरान वायु प्रदूषण के प्रकार, फैलने के कारणों को बताया जा रहा है। चेयरपर्सन प्रो. सुमन मोर ने लोगों को बताया कि वायु प्रदूषण को कम किया जा सकता है। वाहनों के धुएं से भी प्रदूषण तेजी से फैल रहा है। इसके लिए सभी साइकिल चलाएं।
इस दौरान सैकड़ों लोगों से फार्म भरवाए जा रहे हैं वह 85 सवालों पर अपनी राय दे रहे हैं। यह सवाल वायु की गुणवत्ता बनाए रखने को लेकर हैं। इसके अलावा कचरा प्रबंधन का भी पाठ पढ़ाया जा रहा है। बच्चों के लिए इस स्टॉल में खेल के आइटम भी रखे गए हैं। साथ ही उनके लिए किताबें भी हैं जो वह पढ़कर वापस वहीं जमा कर रहे हैं। इस दौरान स्लोगन व पेंटिंग प्रतियोगिता भी हुई। बच्चों ने पेंटिंग के जरिए वायु प्रदूषण को कम करने के तरीके बताए।
पर्यावरण संरक्षण के लिए सामुदायिक सहभागिता जरूरी
पीयू के पर्यावरण अध्ययन विभाग, डिपार्टमेंट ऑफ कम्युनिटी मेडिसिन एंड स्कूल ऑफ पब्लिक हेल्थ पीजीआईएमईआर की ओर से रोज फेस्टिवल में स्वच्छ हवा गुणवत्ता पर एक जागरूकता अभियान चलाया जा रहा है। रोज फेस्टिवल में स्टॉल का इसका शुभारंभ पीयू वीसी प्रो. राजकुमार ने किया। कहा, पर्यावरण संरक्षण के लिए सामुदायिक सहभागिता जरूरी है।
उन्होंने अभियान की सराहना की। मालूम हो कि जागरूकता अभियान को चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति (सीपीसीसी) और हेल्थ केयर विद हरम, यूएसए द्वारा समर्थित किया जा रहा है। इस मौके पर पर्यावरण विभाग के निदेशक देवेन्द्र दलाई, चंडीगढ़ प्रदूषण नियंत्रण समिति के सदस्य सचिव टीसी नौटियाल, पीजीआईएमईआर के डॉ. रवींद्र खैवाल आदि मौजूद रहे।