कैंपस में बाहरी लोगों के प्रवेश पर रोक लगाने के लिए पंजाब यूनिवर्सिटी प्रशासन नया कदम उठाने जा रहा है। वीसी प्रो. राजकुमार ने कहा कि अब हर गाड़ी के नंबर नोट होंगे। कोशिश होगी कि कुछ ही गेट से गाड़ियों का प्रवेश व आउट हो। इसके अलावा पीयू में नौकरी करने वाले लोगों की गाड़ियों पर स्टीकर लगाए जाएंगे। साथ ही साइकिलों का संचालन अधिक हो, इसके लिए जागरूक किया जाएगा। वीसी प्रो. राजकुमार मंगलवार को अपने कार्यालय में प्रेसवार्ता कर रहे थे।
इस अवसर पर उन्होंने कहा, ‘पीयू से संबद्ध कॉलेजों में शिक्षा ग्रहण कर चुके व पढ़ रहे विद्यार्थियों की बकाया स्कॉलरशिप जल्द ही पंजाब सरकार से मिलेगी। ऑडिट का कार्य पूरा हो गया है। एससी-एसटी, बीसी के विद्यार्थियों को यह लाभ मिलेगा। पीयू इन विद्यार्थियों की हरसंभव मदद करेगा।’ स्कॉलरशिप के आवेदन एक विभाग से गायब होने के सवाल पर कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं है, इसका पता लगाएंगे। उन्होंने कहा कि पीयू की बेहतरी के लिए जो भी व्यक्ति सुझाव देंगे उनका तहेदिल से स्वागत है।
उन्होंने पीयू की उपलब्धियों पर प्रकाश डाला। अटल रैंकिंग समेत कई रैंकिंग में बाजी मारने के आंकड़े सामने रखे। कहा कि नैक की रैंकिंग वर्ष 2022 में होगी। इसके लिए तेजी से कार्य चल रहा है। हर विभाग अपने अपने मानकों को दुरुस्त कर रहे हैं। बताया कि छात्रावासों में तेजी से कार्य चल रहा है। काफी सुविधाएं विद्यार्थियों को मिलने जा रही हैं। मेस में मॉड्यूलर किचन बनाए जा रहे हैं।